
नारनौल/हरियाणा 27 अक्टूबर। लोक कला, लोक नृत्य तथा लोक संगीत को बढ़ावा देने के लिए आगामी 20 एवं 21 नवंबर को स्थानीय आईटीआई में जिला युवा महोत्सव-2023 का आयोजन किया जाएगा। इस युवा महोत्सव में भाग लेने के लिए इच्छुक लाभार्थी 31 अक्टूबर तक आईटीआई नारनौल में पंजीकरण करवा सकते हैं।
यह जानकारी देते हुए उपायुक्त मोनिका गुप्ता (आईएएस) ने बताया कि लोक संस्कृति तथा लोक कला को बढ़ावा देने के लिए सरकार विभिन्न प्रकार की सांस्कृतिक गतिविधियां कर रही है। इसी कड़ी में जिला युवा महोत्सव 2023 मनाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 20 एवं 21 नवंबर को आईटीआई में आयोजित होने वाले जिला युवा महोत्सव में समूह लोक नृत्य, समूह लोकगीत, एकल लोक नृत्य, एकल लोकगीत, कहानी लेखन, पोस्टर मेकिंग, भाषण फोटोग्राफी व तत्कालीन व्याख्यान प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। यह सभी प्रतियोगिताएं राष्ट्रीय युवा महोत्सव स्तर तक की होगी।
इसके अलावा विज्ञान के माध्यम से मोटे अनाज उत्पादन बढ़ाने तथा समाज के लिए विज्ञान विषय पर प्रतियोगिताएं आयोजित करवाई जाएगी। यह प्रतियोगिताएं राज्य युवा महोत्सव स्तर तक रहेगी।
इसके अलावा राज्य में लुप्त हो रही विभिन्न लोक कला, लोक नृत्य तथा लोक संगीत आदि की प्रतियोगिताएं भी होंगी यह प्रतियोगिताएं भी राज्य युवा महोत्सव स्तर तक रहेगी।
इसमें भाग लेने के लिए प्रतिभागी की आयु 15 से 29 वर्ष के बीच होनी चाहिए व प्रतिभागी के पास परिवार पहचान पत्र होना चाहिए।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक जिला में प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को 750 रुपए से 15 हजार रुपए तक के 48 नकद पुरस्कार दिए जाएंगे।
