पटना/बिहार (राकेश मंगल सिन्हा) 16 अक्टूबर। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 4, देशरत्न मार्ग स्थित मुख्यमंत्री सचिवालय परिसर में आयोजित “जनता के दरबार में मुख्यमंत्री” कार्यक्रम में शामिल हुए। “जनता के दरबार में मुख्यमंत्री” कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य के विभिन्न जिलों से पहुंचे 117 लोगों की फरियादों एवं समस्याओं को सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को समाधान के लिए समुचित कार्रवाई के निर्देश दिये।
“जनता के दरबार में मुख्यमंत्री” कार्यक्रम में सामान्य प्रशासन विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, ग्रामीण कार्य विभाग, पंचायती राज विभाग, ऊर्जा विभाग, पथ निर्माण विभाग, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग, कृषि विभाग, सहकारिता विभाग, पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग, जल संसाधन विभाग, उद्योग विभाग, नगर विकास एवं आवास विभाग, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, परिवहन विभाग, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, लघु जल संसाधन विभाग, योजना एवं विकास विभाग, पर्यटन विभाग, भवन निर्माण विभाग, वाणिज्य कर विभाग, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, गन्ना (उद्योग) विभाग तथा विधि विभाग से संबंधित मामलों पर सुनवाई हुई।
“जनता के दरबार में मुख्यमंत्री” कार्यक्रम में मुजफ्फरपुर जिले से आए मनोज कुमार ने फरियाद करते हुए कहा कि हम लोग जहां रहते हैं वो महादलित टोला है। वहां संपर्क पथ नहीं बन पाया है। इसका निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराया जाए ताकि हम लोगों का आवागमन आसान हो सके। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ग्रामीण कार्य विभाग को समुचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
गया से आये बृजनंदन पाठक ने मुख्यमंत्री से कहा कि गया शहर में पेयजल आपूर्ति योजना के क्रियान्वयन में बुडको द्वारा अनियमित बरती गई है। बुडको द्वारा जितना काम किया जाना था, उसका काफी काम अधूरा है। मुहल्लों में ठीक ढंग से पाइप नहीं बिछाया गया है। नये जलापूर्ति केंद्रों का निर्माण, पुराने पानी टंकियां की मरम्मती, नये पानी के टंकियों का निर्माण जैसे कार्य अभी अधूरे पड़े हैं। इन कार्यों को पूर्ण कराया जाय। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नगर विकास एवं आवास विभाग को समुचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया। गया जिले से आए रंजीत कुमार ने मुख्यमंत्री से कहा कि बिहार राज्य फसल योजना के तहत रबी फसल के लिए वर्ष 2020 में आवेदन किया था लेकिन अब तक सहायता राशि नहीं मिल पाई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सहकारिता विभाग को समुचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
बांका जिले से आए राहुल कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री से कहा कि डीजल अनुदान वितरण में अनियमितता के कारण मुझे सहायता राशि नहीं मिली है। मेरे पंचायत के कुछ अन्य लोगों को भी इसका लाभ नहीं मिला है। मुख्यमंत्री ने कृषि विभाग को समुचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
सीतामढ़ी जिले से आए हरि नारायण पासवान ने मुख्यमंत्री से कहा कि मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के लिए सलेक्शन होने के बाद भी मुझे इसका लाभ नहीं मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने उद्योग विभाग को जांच कर समुचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
समस्तीपुर जिले से आए अमन कुमार ने मुख्यमंत्री से कहा कि विभूतिपुर प्रखंड स्थित सकरी चौर में जल जमाव की समस्या है। इसका निराकरण कराया जाए ताकि लोगों को आवागमन में सहूलियत हो सके। वहीं समस्तीपुर जिले से ही आए शिव शंकर साह ने मुख्यमंत्री से कहा कि इंदिरा आवास की दूसरी किस्त की राशि नहीं मिल पाई है। मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों को समुचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।अररिया जिले से सुशांत कुमार पटेल ने मुख्यमंत्री से कहा कि हम लोगों के यहां का पुल क्षतिग्रस्त हो गया है जिससे बच्चों की पढ़ाई ठीक से नहीं हो पा रही है। लोगों का आवागमन अवरूद्ध हो गया है। उस पुल की मरम्मत कराई जाय। मुख्यमंत्री ने ग्रामीण कार्य विभाग को समुचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
गोपालगंज जिले से आए राकेश राम ने मुख्यमंत्री से कहा कि मेरे परिजन की सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। सड़क दुर्घटना में मृत्यु होने पर मिलने वाली सहायता राशि अब तक नहीं मिल पाई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने संबंधित विभाग को समुचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
शिवहर जिले से आई ज्ञांति देवी ने मुख्यमंत्री से कहा कि मेरी माॅ जल संसाधन विभाग के कार्यालय में परिचारी थीं। उनके देहांत के 10 साल गुजर जाने के बाद भी अब तक अनुकंपा के आधार पर नौकरी नहीं मिली है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जल संसाधन विभाग को समुचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
रोहतास जिले से आए अमित कुमार ने मुख्यमंत्री से कहा कि अनुचित बिजली बिल निर्गत कर दिया गया है जिससे मुझे काफी परेशानी हो रही है। मुख्यमंत्री ने ऊर्जा विभाग को समुचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
औरंगाबाद जिले से आये नंद किशोर कुमार ने कहा कि मुझे अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति उद्यमी योजना का लाभ नहीं मिल पाया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उद्योग विभाग को समुचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
भोजपुर जिले से आए रितेश कुमार में मुख्यमंत्री से कहा कि तरारी प्रखंड के अंतर्गत भोपतपुर मोङ से निरंजनपुर मोङ तक नहर पक्कीकरण का कार्य कराया जाय। इससे लोगों को आवागमन में सुविधा होगी। मुख्यमंत्री ने संबंधित विभाग को समुचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
“जनता के दरबार में मुख्यमंत्री” कार्यक्रम में वित्त, वाणिज्य कर एवं संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, ऊर्जा सह योजना एवं विकास मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, जल संसाधन सह सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री संजय कुमार झा, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेसी सिंह, कृषि मंत्री कुमार सर्वजीत, सहकारिता मंत्री सुरेंद्र प्रसाद यादव, भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री ललित कुमार यादव, लघु जल संसाधन मंत्री जयंत राज, पशु एवं मत्स्य संसाधन मंत्री मो अफाक आलम, पंचायती राज मंत्री मुरारी प्रसाद गौतम, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव आमिर सुबहानी, पुलिस महानिदेशक आर एस भट्टी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ एस सिद्धार्थ, संबंधित विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव, सचिव, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, जिलाधिकारी चंद्रशेखर सिंह तथा वरीय पुलिस अधीक्षक राजीव मिश्रा उपस्थित थे।
