बक्सर/बिहार 10 अक्टूबर। किला मैदान बक्सर में बिहार राज्य खादी ग्राम उद्योग बोर्ड द्वारा किला मैदान में खादी मेला सह उद्यमी बाजार का उद्घाटन जिला पदाधिकारी बक्सर अंशुल अग्रवाल एवं उद्योग विभाग के विशेष सचिव सह बिहार राज्य खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी दिलीप कुमार के द्वारा आज किया गया।मेला के उद्घाटन के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए बक्सर के जिला पदाधिकारी महोदय ने कहा कि किला मैदान में लगा हुआ यह खादी मेला बक्सर के लोगों के लिए एक बड़ा अवसर है। राज्य के विभिन्न जिलों के खादी उत्पादक बक्सर आए हुए हैं। उनके द्वारा बनाए गए खादी को प्रोत्साहित किया जाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि खादी एवं ग्रामोद्योग हमारे देश की ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ रहा है। स्वतंत्रता संग्राम के दौरान राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी की अपील पर घर-घर चरखा चलाने का अभियान चला जिससे स्वदेशी को बल मिला। इस क्षेत्र में अभी भी रोजगार सृजन की संभावनाएँ सबसे अधिक है। सरल तकनीक और कम पूंजी निवेश के बल पर कुटीर उद्योग खड़ा किया जा सकता है जिससे समाज के कमजोर वर्गों और महिलाओं को ज्यादा से ज्यादा रोजगार मिले। राज्य सरकार द्वारा खादी एवं ग्रामोद्योगों के विकास पर काफी बल दिया गया है। मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी हजारों नये उद्योग लगे हैं। बिहार राज्य खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के मुख्य कार्यपालक अधिकारी दिलीप कुमार ने बताया कि खादी एवं ग्रामोद्योग के विकास हेतु उद्योग विभाग की ओर से मुख्यमंत्री खादी एवं ग्रामोद्योग योजना का कार्यान्वयन किया जा रहा है। इस योजना के अन्तर्गत नई तकनीक से युक्त न्यू माॅडल चरखा, कटिया चरखा आदि का 90 प्रतिशत अनुदान पर वितरण, खादी संस्थाओं को सिलाई मशीन, कढ़ाई मशीन, ऊनी वस्त्र बुनाई मशीन आदि के लिए वित्तीय सहायता तथा खादी एवं ग्रामोद्योग प्रक्षेत्र के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन शामिल है। इस योजना से खादी एवं ग्रामोद्योग प्रक्षेत्र को बढ़ाने में मदद मिलेगी। बक्सर के किला मैदान में लगाए गए खादी मेला में 125 से अधिक स्टाल लगाए गए हैं। मेला में मधुबनी खादी, भागलपुरी सिल्क, हैंडीक्राफ्ट एवं हैंडलूम के आइटम्स तथा मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत प्राप्त करने वाले उद्यमियों की बिक्री के लिए रखा गया।
