
भोपाल/मध्यप्रदेश (मनोज कुमार प्रसाद)15 नवंबर। इन्दिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय, भोपाल में आज जनजातीय गौरव दिवस और सांकेतिक छठ पूजा, दोनों आयोजन एक साथ हुए। प्रकृति और परंपरा से जुड़े इन दो आयोजनों ने संग्रहालय परिसर को सांस्कृतिक उत्सव का रूप दे दिया।
जनजातीय गौरव दिवस
BHEL भोपाल के जनजातीय समुदाय के लगभग 350 लोगों, जिनमें बच्चे, महिलाएँ और पुरुष शामिल थे, ने अपने अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ संग्रहालय का भ्रमण किया। उन्होंने विभिन्न वीथिकाओं, ओपन एयर म्यूज़ियम और वीथी संकुल को देखा। इसके बाद कार्यक्रम की शुरुआत भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि देने से हुई। उनके जीवन पर विस्तृत चर्चा हुई और उनके संघर्ष एवं बलिदान पर आधारित फिल्म दिखाई गई, जिसे उपस्थित जनों ने बहुत सराहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता निदेशक प्रो. अमिताभ पांडे ने की और संचालन जनसंपर्क अधिकारी डॉ. मोहम्मद रेहान ने किया। BHEL की ओर से कार्यपालक निदेशक प्रदीप कुमार उपाध्याय, महाप्रबंधक (मानव संसाधन) हेम राम पटेल, अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन) सुरेखा बंछोर और अपर महाप्रबंधक मनीष ठाकुर उपस्थित रहे।
मानव संग्रहालय में छठ की छटा
इसी अवसर पर संग्रहालय की दीर्घा क्रमांक-5 में सांकेतिक छठ पूजा का आयोजन किया गया। इस दीर्घा में मधुबनी चित्रकला के माध्यम से छठ पर्व की सुंदर झलक प्रस्तुत की गई है। यह कलाकृति मधुबनी की प्रख्यात कलाकार स्वर्गीय यशोदा देवी एवं उनके सहयोगियों द्वारा निर्मित है।
PGDM के छात्र-छात्राओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ सांकेतिक पूजा संपन्न की। इसमें निदेशक प्रो. अमिताभ पांडे, संग्रहालय के अधिकारी-कर्मचारी, शहर के आगंतुक और विशेष रूप से BHEL के जनजातीय समुदाय से आए लगभग 300 लोगों ने भाग लिया।
इस तरह एक ही दिन में जनजातीय गौरव दिवस और छठ पूजा के माध्यम से भारत की प्रकृति-आधारित परंपराओं और साझा सांस्कृतिक विरासत का संदेश दिया गया।
