आरा/भोजपुर 02 सितम्बर।आज आर्य प्रतिनिधि सभा बिहार की प्रेरणा से स्थानीय बी.एस.डीएवी. प.स्कूल में ‘वेद प्रचार सप्ताह’ के अंतर्गत आज ‘चतुर्वेद शतकम् परायण महायज्ञ’ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर चारों वेदों के प्रमुख मंत्रों के साथ बच्चों तथा उनके अभिभावकों द्वारा हवन यज्ञ किया गया। हवन यज्ञ का निर्देशन वरिष्ठ शिक्षक आकाश रंजन झा और बाल्मीकि पाण्डेय द्वारा किया गया।
इस संबंध में विद्यालय के शिक्षक सुमन कुमार सिंह ने एक प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से जानकारी देते हुए बताया की कार्यक्रम के दूसरे चरण में विद्यालय के शिक्षको , विद्यार्थियों व उनके अभिभावकों द्वारा एक ‘वेद प्रचार रैली’ भी निकाली गई। इस रैली में पहली व दूसरी कक्षा के विद्यार्थी व उनके अभिभावक शामिल थे। यह रैली विद्यालय से चलकर शहर के नवादा चौक से नवादा थाना होते हुए पुन: विद्यालय पहुँची। रैली का नेतृत्व स्वयं प्राचार्या नीशू जायसवाल ने किया।
कार्यक्रम के तीसरे चरण में ‘फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता’ थी। विद्यालय के पहली व दूसरी कक्षा के बच्चों बच्चों ने इसमें हिस्सा लिया। इस प्रतियोगिता का खास आकर्षण था कि बच्चों ने आर्य ऋषियों व विविध आर्य पुरुषों का ताना-बाना धारण किया था।
इस पूरे आयोजन में अभिभावकों की उपस्थिति बहुत सराहनीय रही ।
वस्तुत: विश्व संस्कृत दिवस के अवसर पर (30 अगस्त को ) आरंभ होकर यह शिक्षक दिवस (5 सितंबर को) संपन्न होनेवाला यह कार्यक्रम पूर्णत: वैदिक चेतना संपन्न है। इस कार्यक्रम में प्रत्येक दिन बच्चों द्वारा चारों वेदों के लगभग पचास-पचास मंत्रों के उच्चार के साथ हवन यज्ञ किया जा रहा है। कार्यक्रम के मुख्य उद्देश्य को बताते हुए प्राचार्या नीशू जायसवाल ने कहा कि इस साप्ताहिक आयोजन के सहारे हमारे समाज की सांस्कृतिक उन्नति होगी और लोगों का चरित्र निर्माण होगा। वेद की प्राचीन संस्कृति हमारे नैतिक मूल्यों के संस्कार को अवश्य उन्नत बनाएगी।
आज के फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में ऋचा प्रताप, आदित्य उपाध्याय, नित्या, अर्षित, रुद्रांश, मृदुला, नम्या, सान्वी, श्रेया, यशराज, प्रेरणा, हिमांशु, शिशु रंजन,हेमंत, आशुतोष, आदित्य , पियुष, दिशांन, हिमानी तथा आर्यन ने हिस्सा लिया। इन बच्चों के अभिभावकों और इनकी शिक्षिकाएँ श्रीमती शशि सिंह, सुश्री काजल, शिवा श्रोत्रिय, किरण कुमारी, रुपम त्रिपाठी आदि ने मिलकर सँवारा था। बच्चे काफी उत्साहित थे। प्रतियोगिता में चयनित बच्चों को 5 तारीख को समापन कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा।
