चंडीगढ़/हरियाणा 19 जुलाई।मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने चंडीगढ़ में पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि हरियाणा सरकार राज्य में पिछले दिनों हुई भारी बारिश के कारण प्रभावित इलाकों और लोगों को आर्थिक तथा मेडिकल सहायता सहित हर संभव मदद प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि 12 जिलों नामतः अंबाला, फतेहाबाद, फरीदाबाद, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पंचकुला, पानीपत, पलवल, सोनीपत, सिरसा और यमुनानगर को बाढ़ प्रभावित घोषित किया गया है। 1353 गांव और 4 एमसी क्षेत्र बारिश व बाढ़ से प्रभावित हुए हैं।
उन्होंने कहा कि बाढ़ से राज्य में प्रारंभिक अनुमान के अनुसार लगभग 500 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है, जिसमें से लगभग 281 करोड़ रुपये केंद्र सरकार से आपदा राहत राशि के रूप में प्राप्त हो चुके हैं। इसके अलावा बाढ़ राहत के लिए केंद्र सरकार से अतिरिक्त राशि की मांग की जायेगी। श्री मनोहर लाल ने बताया कि अभी तक प्राप्त सूचना के अनुसार प्रदेश में बारिश व बाढ़ के कारण 35 लोगों की मृत्यु हुई है। मृत्यु होने पर लोगों के परिवारों को डिजास्टर फंड में से 4 लाख रुपये प्रति व्यक्ति मुआवजा दिया जाएगा। अंगों की हानि के लिए यदि दिव्यांगता 40 से 60 प्रतिशत है तो प्रति व्यक्ति 74,000 रुपये, यदि दिव्यांगता 60 प्रतिशत से अधिक है तो प्रति व्यक्ति 2 लाख 50 हजार रुपये दिये जायेंगे। इसके अलावा, दुधारू पशुओं के लिए भी फंड के प्रावधान अनुसार सहायता दी जाएगी।

