RK TV News
खबरें
Breaking Newsप्रशासनिक

मुख्य सचिव एवं डीजीपी ने जोधपुर संभाग के जिला कलक्टरों, जिला पुलिस अधीक्षकों की बैठक ली, कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए दिए आवश्यक दिशा-निर्देश।

जयपुर/राजस्थान 15 जुलाई। मुख्य सचिव उषा शर्मा एवं पुलिस महानिदेशक उमेश मिश्रा ने जोधपुर पुलिस लाईन स्थित सरदार पटेल सभागार में शनिवार शाम जोधपुर संभाग में कानून व्यवस्था की स्थिति पर बैठक ली और विस्तार से तमाम बिन्दुओं पर समीक्षा करते हुए पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

विभिन्न आपराधिक प्रकरणों की क्षेत्रवार समीक्षा

मुख्य सचिव उषा शर्मा एवं डीजीपी उमेश मिश्रा ने बैठक में विगत 2 वर्ष में वर्षवार आपराधिक स्थिति, विशेष अधिनियम, महिला अत्याचार, लम्बित प्रकरणों के निस्तारण, आरोपियों की गिरफ्तारी, एनडीपीएस एक्ट के प्रकरणों, मादक पदार्थों एवं शराब तस्करी में लिप्त अपराधियों और हिस्ट्रीशीटरों के विरूद्ध कार्यवाही तथा संभाग के विभिन्न जिलों में सम सामयिक हालातों तथा ज्वलन्त समस्याओं पर विस्तार से समीक्षा की और इस दिशा में सख्त कार्यवाही किए जाने तथा लम्बित मामलों के निस्तारण के लिए समयबद्ध प्रभावी कार्यवाही किए जाने के निर्देश दिए।

निर्वाचन के मद्देनज़र बनाएं ठोस कार्ययोजना

मुख्य सचिव एवं डीजीपी ने आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र संभागी अधिकारियों से विस्तृत चर्चा की और निर्वाचन से संबंधित तैयारियों, निर्वाचन आयोग के निर्देशों की पालना, प्रस्तावित तैयारियों से संबंधित कार्ययोजना, कानून व्यवस्था की दृष्टि से अन्तर्राज्यीय समन्वय, निगरानी, नाकों के चिह्निकरण, संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील बूथों व क्षेत्रों के चिह्निकरण एवं बूथों के भौतिक सत्यापन, निर्वाचन के मद्देनज़र सभी प्रकार के जरूरी ऐहतियाती उपायों को अपनाने आदि पर चर्चा की और इसके लिए पृथक-पृथक कार्ययोजना बनाकर समय रहते कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा गया।

शांति एवं सौहार्द सर्वाेच्च प्राथमिकता पर

उषा शर्मा एवं उमेश मिश्रा ने मानसून को दृष्टिगत रखते हुए आपदा प्रबन्धन की तैयारियों के प्रति गंभीर रहने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने सर्वत्र शान्ति, साम्प्रदायिक सौहार्द को सर्वाेच्च प्राथमिकता बताते हुए साम्प्रदायिक दृष्टि से संवेदनशील मुद्दों व इनके समाधान पर चर्चा करते हुए प्रभावी एवं ठोस कार्ययोजना बनाने और आर्म्स एक्ट में अभियोजन स्वीकृति के लंबित प्रकरणों के निस्तारण पर जोर दिया।

टीम भावना से काम करें

मुख्य सचिव उषा शर्मा ने पुलिस एवं प्रशासन के संभागी अधिकारियों को संबोधित करते हुए पूर्ण समन्वय के साथ सामूहिक प्रयासों को अपनाते हुए कानून व्यवस्था एवं शान्ति तथा साम्प्रदायिक सद्भाव कायम रखने के लिए काम करने के निर्देश दिए और कहा कि इसके लिए सभी संभव कार्यवाही करें। आगामी समय में धैर्य, सौहार्द, समन्वय एवं संयम के साथ अपने दायित्वों का अच्छी तरह निर्वाह करें। ख़ासकर साम्प्रदायिक मुद्दों पर जीरो टॉलरेंस की अप्रोच से काम करें।

सोशल मीडिया पर रखें पैनी निगाह

मुख्य सचिव ने पुलिस के इकबाल में अभिवृद्धि के लिए निरन्तर प्रयासरत रहने के साथ ही सोशल मीडिया पर पैनी नज़र रखने और बेहतर कर्त्तव्य निर्वहन के लिए तत्पर रहने का आह्वान किया। उन्होंने प्रदेश में महिलाओं के प्रति हो रहे अपराधों में आई कमी को अच्छा संकेत बताया।

आमजन से संवाद करें, भ्रमण पर जोर

उन्होंने क्षेत्र में कम्युनिटी पोलिसिंग द्वारा किए जा रहे कार्यों की तारीफ की और इस दिशा में और अधिक कार्य करने की अपेक्षा व्यक्त की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण ओलंपिक जैसे नवाचारों से आमजन पुलिस एवं प्रशासन के करीब आएगा और उनका इस तंत्र में विश्वास पैदा होगा। उन्होंने आमजन में विश्वास पैदा करने के लिए तथा शांति बनाए रखने के लिए पारंपरिक तरीकों को अपनाने पर जोर दिया और कहा कि नियमित मॉनिटरिंग, भ्रमण एवं संवाद करें, इससे असामाजिक तत्वों में भय उत्पन्न होगा।

पुलिस के प्रति पैदा करें प्रगाढ़ विश्वास

डीजीपी ने महिला अपराध एवं बच्चों के प्रति होने वाले अपराधों की रोकथाम के लिए स्पेशल स्क्वाड्स बनाकर समाज में पुलिस के प्रति विश्वास पैदा करने की आवश्यकता पर जोर दिया और कहा कि समाज में यह विश्वास प्रगाढ़ होना चाहिए कि पुलिस उनकी रक्षा के लिए समर्पित हैं। उन्होंने सीमावर्ती बाड़मेर और जैसलमेर जिलों में विशेष रूप से इंटेलिजेंस, आर्मी, बीएसएफ आदि के साथ मिलकर काम करने पर जोर दिया।

नवाचारों को अपनाएं

डीजीपी ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा मोरल पोलिसिंग की दिशा में जारी सार्थक प्रयासों का जिक्र करते हुए कहा कि इसमें सुरक्षा सखी, पुलिस मित्र जैसे प्रयास किए जा रहे हैं। इनसे प्रेरणा पाकर संभाग में सभी अपने अपने स्तर पर भी इस प्रकार के नवाचार कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस में अनुशासन पालन को नियमित रखने के लिए मॉनिटर करें।
उन्होंने जोधपुर रेंज के सभी अधिकारियों की बहुत उत्कृष्ट कार्य के लिए तारीफ की और कहा कि अब इससे और अधिक बेहतर करने की गुंजाइश की ओर ध्यान देना होगा। इस दिशा में नए बेंचमार्क स्थापित करने के पुरजोर प्रयास करें।

पुलिस एवं प्रशासन टीम भावना से काम करें

डीजी उमेश मिश्रा ने संभागस्तरीय समीक्षा बैठक को सार्थक बताते हुए निर्देश दिए कि इसमें सामने आए विषयों पर प्रशासन और पुलिस संयुक्त रूप से प्रभावी कार्यवाही करें। उन्होंने समाज में कानून एवं शांति व्यवस्था के लिए आक्रामक पोलिसिंग की आवश्यकता जताते हुए पुलिस एवं प्रशासन को एक टीम की तरह रहते हुए पारस्परिक समन्वय के साथ कार्य करने को कहा।
बैठक में उपस्थित प्रशासन एवं पुलिस के संभागी अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में पुलिस प्रबन्ध, कानून व्यवस्था तथा सम सामयिक हालातों के बारे में प्रजेन्टेशन दिया और जिलों की वर्तमान स्थिति एवं अपराध नियंत्रण के लिए किए जा रहे प्रयासों पर जानकारी दी।
बैठक में डीजीपी (लॉ एंड ऑर्डर) राजीव शर्मा, एडीजी क्राइम (लॉ एंड ऑर्डर) एम.एन दिनेश, संभागीय आयुक्त भंवर लाल मेहरा, जिला कलक्टरों हिमांशु गुप्ता(जोधपुर), आशीष गुप्ता (जैसलमेर), अरुण पुरोहित (बाड़मेर), डॉ. भंवरलाल (सिरोही) एवं निशांत जैन(जालौर) और नवगठित जिलों के विशेषाधिकारियों सर्वश्री राजेन्द्र विजय (बालोतरा) तथा जसमीत सिंह संधू(फलौदी), पुलिस आयुक्त रवि दत्त गौड़, आईएएस प्रशिक्षु, नवनिर्मित जिलों के पुलिस विशेषाधिकारी एवं संभाग के प्रशासन तथा पुलिस के प्रमुख अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Related posts

एकोब्रह्म विश्वरूपम्! :मोहन धनराज

rktvnews

भोजपुर के डुमरा में पोल्ट्री फार्म में लगी आग।दमकल कर्मी हुआ जख्मी मौके पर पहुंचे रघुपति यादव।

rktvnews

छत्तीसगढ़ : हाईवा जैसी भारी वाहनों को आसानी से ऑपरेट करती है जेसीबी दीदी।

rktvnews

भोजपुर: देशहित में भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए भाकपा माले कटिबद्ध : अमित कुमार गुप्ता उर्फ बंटी

rktvnews

आईएनएसवी तारिणी का आगमन।

rktvnews

सामान्य और दिव्यांग बच्चों का एक साथ खेलना बहुत ही सुखद : केसी सिन्हा

rktvnews

Leave a Comment