
RKTV NEWS/आरा(भोजपुर)27 अक्टूबर।पहली बार ‘GEN Z रक्तदाता संवाद सह सम्मान समारोह’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य रक्तदान के प्रति युवाओं को जागरूक करना, रक्तदाताओं के योगदान को सम्मान देना तथा समाज में सेवा, सामाजिक समरसता और राष्ट्रभावना को बढ़ावा देना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ दक्षिण बिहार के बौद्धिक प्रमुख उपेंद्र भाई त्यागी, डॉ. कुमार जितेंद्र, अमरेंद्र राजेश, गुड्डू सिंह बबुआन, विकास कुमार और नरेंद्र प्रताप पालित सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया।
समारोह के दौरान रक्तदान शिविर आयोजित करने वाले आयोजकों को मोमेंटो एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं, जरूरतमंदों की सहायता के लिए रक्तदान करने वाले रक्तदूतों को प्रमाणपत्र और मेडल प्रदान कर उनके सेवा-भाव की सराहना की गई। इस अवसर पर रक्तदाताओं के योगदान को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया गया तथा युवाओं से रक्तदान जैसे पुनीत कार्य में आगे आने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित उपेंद्र भाई त्यागी ने अपने बौद्धिक उद्बोधन में सामाजिक समरसता और भारत के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डाला। उन्होंने समाज में आपसी सद्भाव, एकता और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत करने पर जोर दिया।
वहीं, डॉक्टर कुमार जितेंद्र ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ एक ऐसा संगठन है, जो समाज को देने और सेवा करने की भावना पर बल देता है। उन्होंने सेवा-भाव को सामाजिक जीवन का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए युवाओं को समाजहित में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
गुड्डू सिंह बबुआन ने कहा ऐसे इतिहासिक कार्यक्रम हेतु तन मन धन से हम खड़े है यह राष्ट्र है तभी हम है साथ ही रक्तदाता सामान्य से परिवार से आने वाले असामान्य से कार्यों को कर जाते किसी के जीवन को बचाते है जो सभी को सीखने वाला विषय है
समारोह ने रक्तदान के महत्व को रेखांकित करने के साथ-साथ रक्तदाताओं के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का संदेश दिया। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को सामाजिक कार्यों में भागीदारी बढ़ाने तथा जरूरतमंदों की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहने की प्रेरणा मिली।
कार्यक्रम को सफल बनाने में उत्तम जी, रौशन जी, प्रकाश बजरंगी जी, रूपेश जी, हिमांशु जी, अमित जी, गौतम जी, मनीष जी ,दीपक सिंह ,विशाल ,धीरज सहित अन्य स्वयंसेवकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
