RK TV News
खबरें
Breaking News

गिरीडीह:शारदीय नवरात्र एवं दुर्गा पूजा के अवसर पर विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर बगोदर-सरिया अनुमंडल स्तरीय शांति समिति की बैठक संपन्न।

RKTV NEWS/गिरिडीह(झारखंड)05 अक्टूबर।शारदीय नवरात्र एवं दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने तथा विधि-व्यवस्था के संधारण को लेकर आज दिनांक 05 अक्टूबर 2026 को अनुमंडल पदाधिकारी, बगोदर-सरिया संतोष गुप्ता की अध्यक्षता में अनुमंडल स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी दुर्गा पूजा के दौरान सांप्रदायिक सौहार्द, सामाजिक समरसता एवं आपसी भाईचारा बनाए रखने तथा पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। अनुमंडल पदाधिकारी ने पूजा समितियों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों से प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करते हुए शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में पर्व मनाने की अपील की। बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा दुर्गा पूजा के दौरान डीजे पर प्रतिबंध का अनुपालन सुनिश्चित करने, पूजा पंडालों का निर्माण निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप खुला एवं मजबूत रखने, आवश्यकतानुसार अस्थायी विद्युत संयोजन लेने तथा विद्युत सुरक्षा के पर्याप्त उपाय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने पूजा पंडालों में अग्निशमन एवं आपातकालीन सुरक्षा के समुचित प्रबंध, पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवकों (वालंटियर्स) की नियुक्ति, श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।

अनुमंडल पदाधिकारी ने आमजनों एवं पूजा समितियों से सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक अथवा आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित या साझा नहीं करने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया के माध्यम से अफवाह फैलाने अथवा सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों पर प्रशासन की पैनी नजर रहेगी तथा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। बैठक में रैश ड्राइविंग पर प्रभावी नियंत्रण, नाबालिग बच्चों द्वारा वाहन चलाने से रोकने तथा पर्व के दौरान शराब एवं अन्य मादक पदार्थों के सेवन एवं अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि दुर्गा पूजा को लेकर पुलिस एवं प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। क्षेत्र में शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है तथा असामाजिक तत्वों एवं उपद्रवी गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। उन्होंने सभी पूजा समितियों एवं आम नागरिकों से किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि अथवा अफवाह की सूचना तत्काल प्रशासन एवं पुलिस को उपलब्ध कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य सभी के सहयोग से दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है। इस दिशा में प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां एवं सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए जा रहे हैं। बैठक में बगोदर-सरिया अनुमंडल अंतर्गत सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी, पूजा समितियों के प्रतिनिधि, प्रबुद्ध नागरिक एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। बैठक में उपस्थित सदस्यों द्वारा पर्व के दौरान प्रशासन को पूर्ण सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया गया।

Related posts

भोपाल:मध्यप्रदेश आज सबसे तेज गति से विकास करने वाला प्रदेश:उप मुख्यमंत्री शुक्ल

rktvnews

गिरीडीह:जिला निर्वाचन पदाधिकारी की अध्यक्षता में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के निमित्त मतदान केन्द्रों के पुनर्गठन को लेकर सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक।

rktvnews

नई दिल्ली में जी20 शिखर सम्मेलन की सफलता पर कैबिनेट में प्रस्ताव पारित।

rktvnews

दैनिक पञ्चांग : 08 दिसंबर 25

rktvnews

गढवा:उपायुक्त ने आगामी दुर्गा पूजा को लेकर विधि व्यवस्था की दृष्टिकोण से सभी संबंधित पदाधिकारियों संग बैठक कर दिया आवश्यक दिशा-निदेश।

rktvnews

आईएनएस सुमेधा -मिशन अंत्सिरानाना, मेडागास्कर में तैनात।

rktvnews

Leave a Comment