
भोपाल/मध्यप्रदेश ( मनोज कुमार प्रसाद) 6 सितंबर ।इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय भोपाल एवं महिला अधिकार एवं समाज कल्याण मंच के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को संग्रहालय परिसर, श्यामला हिल्स में एक दिवसीय निःशुल्क पर्यावरण-अनुकूल गणेश प्रतिमा निर्माण कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। कार्यशाला में 75 से अधिक प्रतिभागियों जिसमे बच्चे , विधार्थी ,गृहणियों,महिलाएं , एवं पुरुष भी शामिल थे,ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर शुद्ध मिट्टी से आकर्षक गणेश प्रतिमाएं तैयार कीं।
कार्यशाला के दौरान मुख्य प्रशिक्षक मूर्तिकार शिवम कुमार एवं पारंपरिक कलाकार प्रेरणा शर्मा ने प्रतिभागियों को मिट्टी के चयन, प्रतिमा निर्माण की तकनीक तथा प्राकृतिक रंगों के उपयोग की बारीकियां सिखाईं। विशेष रूप से ‘सीड गणेश’ (बीज युक्त प्रतिमा) बनाने का प्रशिक्षण दिया गया, जिससे विसर्जन के उपरांत उसी स्थान पर पौधा अंकुरित हो सके।
इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारियों व सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। ‘इनर व्हील क्लब सूत्रधार’ से अध्यक्ष सुनीता गुप्ता, सचिव डॉ. भावना एवं कोषाध्यक्ष शिखा सिंह उपस्थित रहीं। वहीं ‘महिला अधिकार मंच’ की ओर से जिला अध्यक्ष पूजा मंगतानी, कोषाध्यक्ष मेघना सिंह तथा महिला काउंसलर शिखा सिंह सहित अनेक सदस्यों ने भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
मानव संग्रहालय के मुख्य कलाकार ललित बागुल के कार्यशाला का समन्वय किया ।
संग्रहालय के निदेशक प्रो डा अमिताभ पांडे ने बताया कि,इस कार्यक्रम के माध्यम से संग्रहालय प्लास्टर ऑफ पेरिस (PoP) के दुष्प्रभावों को रेखांकित करते हुए जल स्रोतों के संरक्षण पर बल दिया है ।
संग्रहालय के जनसंपर्क अधिकारी हेमंत बहादुर सिंह परिहार ने बताया कि कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य पारंपरिक कला, जनभागीदारी और प्रकृति संरक्षण को जोड़ते हुए पर्यावरण-हितैषी गणेशोत्सव के प्रति जनचेतना का प्रसार करना रहा। अंत में सभी उपस्थित जनों ने घर पर ही प्राकृतिक विसर्जन करने का संकल्प लिया।
