
आरा/भोजपुर (डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा)31 अगस्त।प्रतिभा खोज समिति, कोईलवर प्रखंड की ओर से डॉ. प्रभा सिन्हा शिक्षक सम्मान समारोह-2026 का आयोजन 4 सितंबर को विद्या भवन सभागार में किया जाएगा। शिक्षक दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित समारोह की अध्यक्षता प्रो. नंद जी दुबे करेंगे, जबकि मुख्य वक्ता प्रो. जंग बहादुर पांडे होंगे। समारोह में सर्वश्रेष्ठ शिक्षक को मुख्य अतिथि द्वारा 51 हजार रुपये, अंगवस्त्र एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
आयोजन की तैयारियों को लेकर आनंद मोहन सिन्हा के अस्पताल रोड स्थित आवास पर समिति की बैठक हुई। समिति के महासचिव डॉ. दिनेश प्रसाद सिन्हा ने बताया कि प्रतिभा खोज समिति वर्ष 1994 से गरीब एवं मेधावी छात्र-छात्राओं को शिक्षा के लिए सहयोग उपलब्ध कराती रही है। अब तक दर्जनों विद्यार्थी इससे लाभान्वित हो चुके हैं। बच्चों के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले शिक्षकों को सम्मानित करने के उद्देश्य से यह चौथा आयोजन किया जा रहा है। समिति के अध्यक्ष डॉ. प्रतीक कुमार ने बताया कि छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित करने के लिए तात्कालिक भाषण प्रतियोगिता भी आयोजित होगी। आरा नगर निगम क्षेत्र के 10+2 विद्यालयों से चयनित एक-एक छात्र या छात्रा इसमें भाग लेंगे। प्रतियोगिता में मौके पर विषय दिया जाएगा और प्रतिभागियों को तीन मिनट में अपने विचार प्रस्तुत करने होंगे। प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं सांत्वना पुरस्कार के साथ प्रमाण पत्र और अंगवस्त्र प्रदान किए जाएंगे। डॉ. दिनेश प्रसाद सिन्हा ने बताया कि अब तक तीन शिक्षकों को 51-51 हजार रुपये का सर्वश्रेष्ठ शिक्षक सम्मान दिया जा चुका है। बैठक में प्रो. नंद जी दुबे, प्रो. जंग बहादुर पांडे, डॉ. प्रतीक कुमार, डॉ. निर्मल कुमार सिंह, सुमन कुमार, आनंद मोहन सिन्हा, देवेन्द्र पदयात्री, राजेंद्र प्रसाद, संजय कुमार, अंजलि, राजेंद्र त्यागी, रौशन कुमार सहित समिति के सदस्य, महिलाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में महासचिव डॉ. दिनेश प्रसाद सिन्हा के धन्यवाद ज्ञापन के साथ बैठक संपन्न हुई।
