
आरा/भोजपुर (डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा)21 अगस्त।महंथ महादेवानंद महिला महाविद्यालय के हिंदी विभाग की ओर से गुरुवार को तुलसी जयंती के अवसर पर ‘वर्तमान जीवन में रामचरितमानस की प्रासंगिकता’ विषय पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ गोस्वामी तुलसीदास की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. नरेंद्र प्रताप पालित ने की। उन्होंने रामचरितमानस की वर्तमान समय में प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए भगवान राम के आदर्श व्यक्तित्व की चर्चा की। उन्होंने कहा कि राम के आदर्शों को समझना और उन्हें जीवन में आत्मसात करना आवश्यक है। उन्होंने हर घर में रामायण की प्रति रखने तथा राम के चरित्र को समझने पर जोर दिया।हिंदी विभाग की सहायक प्राध्यापक डॉ. अंजू कुमारी ने तुलसी की स्त्री दृष्टि पर विचार रखते हुए रामायण में सीता के व्यक्तित्व, तत्कालीन परिस्थितियों एवं सामाजिक परिवेश पर विस्तार से चर्चा की।विभागाध्यक्ष डॉ. सुधा निकेतन रंजनी ने कहा कि राम का जीवन अनेक दुखों और संघर्षों से भरा रहा, बावजूद इसके उनके व्यक्तित्व में धैर्य, आदर्श एवं मर्यादा की कोई कमी नहीं थी। कार्यक्रम का संचालन हिंदी विभाग की सहायक प्राध्यापक डॉ. प्रीति कुमारी ने किया।

