
RKTV NEWS/चतरा ( झारखंड)04 अगस्त।चतरा समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में आज ‘दिशोम गुरु’ स्वर्गीय शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त रवि आनंद एवं पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने स्व. शिबू सोरेन के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर उपायुक्त रवि आनंद ने कहा कि स्व. दिशोम गुरु शिबू सोरेन ने आदिवासी समाज के अधिकारों, सामाजिक न्याय एवं जनकल्याण के लिए आजीवन संघर्ष किया। उनके विचार एवं योगदान आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज के अधिकारों के लिए बुलंद आवाज उठाने वाले एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संस्थापक स्व. दिशोम गुरु शिबू सोरेन को देश के तीसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘पद्म भूषण’ से मरणोपरांत सम्मानित किया गया। यह सम्मान जून माह में राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के करकमलों से उनकी धर्मपत्नी रूपी सोरेन ने ग्रहण किया।
श्रद्धांजलि सभा के दौरान उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने भी स्व. शिबू सोरेन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को नमन किया तथा उनके द्वारा समाज एवं राज्य के लिए दिए गए योगदान को स्मरण किया।
