
आरा/भोजपुर (डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा)28 जुलाई। महंथ महादेवानंद महिला महाविद्यालय की एनसीसी इकाई में 5 बिहार बटालियन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल पुनीत श्रीवास्तव के निर्देशन में एनसीसी नामांकन प्रक्रिया उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. नरेंद्र प्रताप पालित ने की। कर्नल पुनीत श्रीवास्तव के महाविद्यालय पहुंचने पर प्राचार्य ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।नामांकन प्रक्रिया के तहत सबसे पहले छात्राओं की लंबाई की जांच की गई। इसके बाद शारीरिक दक्षता परीक्षा एवं लिखित परीक्षा आयोजित की गई। अंतिम चरण में कमांडिंग ऑफिसर कर्नल पुनीत श्रीवास्तव ने अभ्यर्थी छात्राओं का साक्षात्कार लिया।
शारीरिक एवं लिखित परीक्षा का संचालन 5 बिहार बटालियन के पीआई स्टाफ ने किया, जबकि छात्राओं की लंबाई की जांच बटालियन की वरिष्ठ जीसीआई बिमला कुमारी ने की। पूरी चयन प्रक्रिया का संचालन महाविद्यालय की एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर लेफ्टिनेंट डॉ. स्मिता कुमारी ने किया।इस वर्ष 18 सीटों के लिए 100 से अधिक छात्राओं ने नामांकन प्रक्रिया में भाग लिया। साक्षात्कार के दौरान नृत्य, संगीत, पेंटिंग, स्केचिंग, कंप्यूटर ज्ञान, वीडियो एडिटिंग तथा पब्लिक स्पीकिंग जैसी सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में दक्ष छात्राओं को विशेष प्राथमिकता दी गई।पूरे चयन प्रक्रिया के दौरान छात्राओं में अनुशासन, उत्साह, एकता और देशभक्ति की भावना स्पष्ट रूप से देखने को मिली। कई छात्राओं ने भविष्य में सेना में अधिकारी बनकर देश की सेवा करने की इच्छा भी व्यक्त की।नामांकन प्रक्रिया के सफल समापन पर प्राचार्य प्रो. डॉ. नरेंद्र प्रताप पालित, एएनओ लेफ्टिनेंट डॉ. स्मिता कुमारी तथा महाविद्यालय के शिक्षकों ने चयनित छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
