
शाहपुर/भोजपुर (राकेश मंगल सिन्हा) 24 जुलाई। भोजपुर जिला के शाहपुर-बनाही सड़क पर निर्माणाधीन रूद्रनगर पुल के डायवर्सन पर छेर नदी का पानी चढ़ जाने से आवागमन ठप हो गया है। छेर नदी का जलस्तर बढने से पुल का डायवर्सन पर लबालब पानी होने के कारण आवागमन बाधित हो गया है। फिलहाल अभी आवागमन के शुरू होने के आसार नहीं दीख रहे हैं। शाहपुर-बनाही सड़क पर आवागमन ठप होने के कारण दो दर्जन से अधिक गाँवों के लगभग बीस से पच्चीस हजार की आबादी को आवागमन को लेकर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शाहपुर और उसके आसपास के दर्जनों गाँवों का नजदीकी रेलवे स्टेशन बनाही से सङक संपर्क कट गया है। लोगों को ट्रेन पकड़ने के लिए बनाही के बदले बिहिया जाना पड़ रहा है। रुद्र नगर, गउडाढ, बनाही गाँव, बनकट, दुबवल, छोटकी सहजौली, नावाडीह, लगन टोला आदि गाँव के लोगों को शाहपुर आने-जाने मे काफी परेशानी हो रही है। इन गांवों के लोगों का अपने थाना शाहपुर से भी सड़क संपर्क कटा हुआ है। जरूरत के घरेलू सामानों को खरीदने के लिए भी लोग शाहपुर बाजार नहीं जा पा रहे हैं। लोगों को लंबी दूरी तय करके शाहपुर जाना पड़ रहा है। स्कूली बच्चों का विद्यालय आना जाना बंद हो गया है। मरीजों को शाहपुर रेफरल अस्पताल तक पहुँचना मुसीबत बना हुआ है। गार्मींण कार्य प्रमंडल विभाग की सभी तरह की इंजीनियरिंग फिलहाल फेल हो गई है। लोगों का कहना है कि अगर कार्य को पहले शुरू किया गया होता तो ऐसी स्थिति नही आती। इस सड़क पर आवागमन बहाल करने का सरकार का सभी तरह का दावा फेल हो चुका है।
