डिजिटल बिरसा कृषि जागरूकता रथों को उपायुक्त ने दिखाई हरी झंडी।
15 दिनों तक जिले की सभी पंचायतों में पहुंचकर किसानों को करेंगे आधुनिक कृषि एवं सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक।
किसान संगोष्ठियों के माध्यम से मिलेगा तकनीकी मार्गदर्शन एवं योजनाओं की विस्तृत जानकारी।
RKTV NEWS/गढ़वा(झारखंड )28 जून।जिले के किसानों को कृषि एवं कृषि से संबद्ध विभागों द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रभावी एवं सरल तरीके से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आज समाहरणालय परिसर से उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी पशुपति नाथ मिश्रा ने जिले के तीनों अनुमंडलों के लिए एक-एक (कुल तीन) डिजिटल बिरसा कृषि जागरूकता रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर जिला कृषि पदाधिकारी खुशबू पासवान, जिला भूमि संरक्षण पदाधिकारी चंद्र किशोर प्रसाद, जिला मत्स्य पदाधिकारी धनराज आर. कापसे सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद थे।
यह विशेष जागरूकता अभियान आगामी 15 दिनों तक संचालित किया जाएगा। अभियान के तहत तीनों डिजिटल जागरूकता रथ पूर्व निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार जिले के तीनों अनुमंडलों की सभी ग्राम पंचायतों का भ्रमण करेंगे। इस दौरान रथों के माध्यम से किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, वैज्ञानिक खेती तथा कृषि एवं कृषि से संबद्ध विभागों की विभिन्न योजनाओं की जानकारी ऑडियो-वीडियो एवं डिजिटल माध्यमों से दी जाएगी, जिससे किसानों तक योजनाओं की जानकारी अधिक प्रभावी ढंग से पहुंच सके।
किसान संगोष्ठियों के माध्यम से मिलेगा तकनीकी मार्गदर्शन एवं योजनाओं की विस्तृत जानकारी
अभियान के दौरान प्रत्येक पंचायत में किसान संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। इन संगोष्ठियों में कृषि विशेषज्ञों एवं विभागीय अधिकारियों द्वारा किसानों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक खेती, उन्नत बीजों का उपयोग, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन, प्राकृतिक एवं जैविक खेती, कृषि यंत्रीकरण, फसल विविधीकरण, जल संरक्षण, पशुपालन, डेयरी विकास सहित कृषि एवं संबद्ध विभागों द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी।
इसके अतिरिक्त किसानों को विभागीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया, तकनीकी मार्गदर्शन, उपलब्ध सुविधाओं तथा कृषि क्षेत्र में अपनाई जा रही नवीन तकनीकों से भी अवगत कराया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य अधिक से अधिक किसानों को सरकारी योजनाओं से जोड़ना, कृषि उत्पादकता में वृद्धि करना, किसानों की आय बढ़ाना तथा आत्मनिर्भर एवं समृद्ध कृषि व्यवस्था को बढ़ावा देना है।
इस अवसर पर जिला प्रशासन ने जिले के सभी किसानों से अपील की है कि जब डिजिटल बिरसा कृषि जागरूकता रथ उनके पंचायत क्षेत्र में पहुंचे, तब वे किसान संगोष्ठियों में अधिकाधिक संख्या में भाग लें, विभागीय अधिकारियों एवं कृषि विशेषज्ञों से योजनाओं एवं आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी प्राप्त करें तथा सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाकर अपनी कृषि एवं कृषि आधारित आजीविका को और अधिक सशक्त एवं समृद्ध बनाएं।

