
RKTV NEWS/पटना (बिहार)20 जून।भाकपा (माले) के वरिष्ठ नेता, पूर्व बिहार राज्य सचिव तथा लंबे समय तक पार्टी की पोलित ब्यूरो के सदस्य रहे कॉ. नंदकिशोर प्रसाद (जमुना जी) का 19 जून 2026 की रात्रि में पटना के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। वे 28 मई को हुए गंभीर ब्रेन हेमरेज और सांस संबंधी जटिलताओं के बाद उपचाराधीन थे। चिकित्सकों के अथक प्रयासों के बावजूद उनकी स्थिति लगातार बिगड़ती गई और अंततः मल्टी ऑर्गन फेल्योर के कारण उनका निधन हो गया। आगामी 9 अगस्त को वे 79 वर्ष के होने वाले थे। उनके निधन की खबर मिलते ही पूरी पार्टी में शोक की लहर फैल गई।
भाकपा (माले) ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिवार, मित्रों, शुभचिंतकों और देशभर के पार्टी कार्यकर्ताओं के प्रति गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है।
कॉ. नंदकिशोर प्रसाद का पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए पटना स्थित एमएलए फ्लैट संख्या-213 में रखा गया। वहां पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। पार्टी के वरिष्ठ नेता कॉ. स्वदेश भट्टाचार्य, राज्य सचिव कुणाल, धीरेन्द्र झा, अमर, मीना तिवारी, शशि यादव, सांसद राजाराम सिंह एवं सुदामा प्रसाद, विधायक अरुण सिंह एवं संदीप सौरभ, केडी यादव सहित सभी पूर्व विधायकों, राज्य कमिटी के सदस्यों तथा विभिन्न जिलों से आए साथियों ने पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर केंद्रीय कमिटी के सदस्य कॉ. वी. शंकर, एस. कुमारस्वामी, कॉ. क्लिफ्टन, कॉ. मैत्रेयी तथा कॉ. राजीव डिमरी भी उपस्थित थे।
महागठबंधन एवं वाम दलों के नेताओं ने भी उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, राजद के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल, विधायक रणविजय साहू, बिहार विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी, एजाज अहमद, फैजल तनवीर, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम, माकपा के सर्वोदय शर्मा, भाकपा के राज्य सचिव रामनरेश पांडेय, रामलला सिंह, रवींद्रनाथ राय; एसयूसीआई के मणिकांत पाठक, सुमन कुमार; भाकपा (माले) की दूसरी धारा के नेता अरविंद सिन्हा एवं नंदकिशोर सिंह, पटना के प्रख्यात चिकित्सक डॉ. सत्यजीत, पूर्व विधायक एन.के. नंदा, पत्रकार श्रीकांत एवं प्रणव चौधरी सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोक-संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
इस अवसर पर उनकी पत्नी कॉ. बिंदु सिन्हा, पुत्र, पुत्री तथा परिवार के अन्य सदस्य भी उपस्थित थे।
कॉमरेड नंदकिशोर प्रसाद की अंतिम यात्रा पटना से आरा होते हुए बक्सर जाएगी, जहां उन्हें अंतिम विदाई दी जाएगी।
भाकपा (माले) के राज्य सचिव कुणाल ने कहा कि कॉ. नंदकिशोर प्रसाद का निधन पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति है। वे बिहार में भाकपा (माले) की संस्थापक पीढ़ी के प्रमुख नेताओं में से एक थे। उन्होंने कॉ. जौहर, कॉ. विनोद मिश्र और कॉ. रामनरेश राम जैसे पार्टी के अग्रणी नेताओं के साथ भोजपुर के किसान आंदोलन को संगठित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने दलित-भूमिहीन बस्तियों में रहकर काम किया और बाद में पटना ग्रामीण क्षेत्र में पार्टी के विस्तार तथा जनआंदोलनों के निर्माण में उल्लेखनीय योगदान दिया।
वर्ष 2006 में वे भाकपा (माले) के बिहार राज्य सचिव बने और 2012 तक इस पद पर रहे। उनके कार्यकाल में पार्टी ने अनेक महत्वपूर्ण जनसंघर्षों को आगे बढ़ाया तथा अपने जनाधार का विस्तार किया। पार्टी एवं समाज के लिए उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। भाकपा (माले) उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करती है और उनके अधूरे कार्यों एवं संघर्षों को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराती है।
