देश के 25 राज्यों की लोक संस्कृति,परंपरा,हस्तशिल्प और हुनर का बना संसार।

तीन दिनों में 2 लाख से अधिक लोगों ने लिया मेले का आनंद।

महज तीन दिनों में महिला उद्यमियों ने किया सवा दो करोड़ का व्यवसाय।

महिलाएं अपने पसंद अनुसार करवा रही चूड़ियों का जीवंत निर्माण,आकर्षण का बना केंद्र।

आपदा विभाग द्वारा आपदाओं से बचाव हेतु किया जा रहा जागरूक।

युवा पीढ़ी को भी भा रहा मेला,देशी व्यंजनों का ले रही चटखारा।

लोकगीत एवं लोक नृत्य पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां।

नुक्कड़ नाटकों द्वारा सामाजिक कुरीतियों के प्रति किया जा रहा जागरूक।
RKTV NEWS/पटना(बिहार )15 दिसंबर।बिहार सरस मेला महिला स्वावलंबन एवं सशक्तिकरण की झलक पेश करते हुए सीखने –सीखाने एवं जन-जागरण हेतु एक बड़ा मंच बना हुआ है l सरस मेला के माध्यम से आगंतुक देश भर के 25 राज्यों की लोक संस्कृति, परंपरा, हस्तशिल्प, हुनर और देशी व्यंजनों से रूबरू तो हो ही रहे हैं , हुनर को प्रोत्साहन की बानगी, लोक कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित और सामजिक कुरीतियों के उन्मूलन हेतु किये जा रहे कार्यक्रमों से वाकिफ और जागरूक हो रहे हैं।
बिहार सरस मेला, ग्रामीण विकास विभाग के तत्वाधान में जीविका द्वारा 28 दिसंबर 2025 तक आयोजित है। मेला 12 दिसंबर से प्रारंभ है और महज तीन दिनों खरीद-बिक्री का आंकड़ा सवा दो करोड़ रूपया पार कर गया है। इन तीन दिनों में अनुमानतः 2 लाख से अधिक लोग आये हैं।
सरस मेला परिसर में 5 सौ से अधिक स्टॉल से हस्तशिल्प और देशी व्यंजनों की खरीद-बिक्री तो हो ही रही है कई सरकारी विभाग एवं संस्थाएं सरकार द्वारा संचालित लोक कल्याणकारी योजनाओं से आगंतुकों को लाभान्वित कर रहे हैं l रिजर्व बैंक ऑफ इण्डिया के स्टॉल पर साईबर फ्रॉड के प्रति खाताधारकों को जागरूक किया जा रहा है l स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के स्टॉल पर स्वरोजगार एवं स्वावलंबन हेतु विभिन्न प्रकार के ऋण के बारे में लोगों को बताया जा रहा है l आपदा प्रबंधन के विभाग पर राज्य आपदा मोचन बल द्वारा बाढ़-सुखाढ़, भूकंप समेत अन्य आपदा के समय में बचाव के तरीके बताये जा रहे हैं।भारतीय डाक विभाग द्वारा सुकन्या समृद्धि योजना समेत अन्य योजनाओं के प्रति जागरूक किया जा रहा है विकास प्रबंधन संस्थान , पटना द्वारा छात्र-छात्राओं को प्रबंधन का गुर सीखाया जा रहा है।महिला एवं वाल विकास निगम द्वारा पालना घर का संचालन एवं सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन हेतु जन जागरूकता अभियान एवं उनके स्टॉल पर महिला स्वावलंबन की झलक भी प्रस्तुत है l पर्यावरण , वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के स्टॉल पर आगंतुकों को पर्यावरण संरक्षण एवं जल प्रबंधन के साथ ही जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूक किया जा रहा है l पंजाब नेशनल बैंक के स्टॉल पर आरसेटी के तत्वाधान में प्रशिक्षणार्थियों द्वारा उत्पादित निर्मित हस्तशिल्प की प्रदर्शनी सह बिक्री जारी है l नगर निगम, पटना स्वच्छता एवं कचरा प्रबंधन पर लोगों को जागरूक कर रहा है l पर्यटन विभाग द्वारा बिहार के पर्यटन स्थलों के बारे आगंतुकों को बताया जा रहा है l लोहिया स्वच्छ बिहार अभुयाँ के स्टॉल पर कचरा के स्थाई प्रबंधन , प्लास्टिक अपशिस्ट प्रबंधन एवं स्वच्छता के लिए 3 आर की आदत के बारे में आगंतुकों को अवगत कराया जा रहा है। जीविका दीदियों द्वारा संचालित ग्राहक सेवा केंद्र पर रुपियों की जमा-निकासी की सुविधा उपलब्ध कराई गयी है। जीविका के सामाजिक विकास प्रभाग द्वारा पर्यावरण संतुलन बनाये रखने हेतु दीदी की पौधशाला का सञ्चालन, महिलाओं के अधिकार और उसकी रक्षा के सूत्र आदि बताये जा रहे हैं।सामाजिक विकास प्रभाग द्वारा सरस मेला में परिभ्रमण हेतु दिव्यांगों एवं वृद्धजनो के लिए सशुल्क व्हील चेयर की भी सुविधा उपलब्ध कराई गयी है।
बिहार सरस रसोई परिसर में दीदी की रसोई समेत कई फूड स्टालों पर सुस्वादु देशी व्यंजन, फन जोन और सेल्फी ज़ोन आकर्षण के खास केंद्र बने हुए हैं।
सम-सामयिक मुद्दों पर आधारित सेमिनार, लोकगीत एवं लोक नृत्य पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम, गीत-गजल और सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन हेतु जन–जागरण के उद्देश्य से नुक्कड़ नाटकों की प्रस्तुति जारी है।सोमवार को महिला एवं बाल विकास निगम के तत्वाधान में प्रहरी नाट्य संस्था के कलाकारों ने बाल विवाह, और दहेज़ प्रथा समेत अन्य सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन हेतु नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति की l
मुख्य मंच पर प्रतिदिन कई महिला स्वावलंबन एवं सशक्तिकरण पर आधारित आकर्षक कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं।मसलन भारतीय सांस्कृतिक सम्बन्ध परिषद् के तत्वाधान में महादलित बस्ती से आनेवाली हिम्मत बैंड की महिला कलाकारों ने बैंड की धुन पर महिला सस्कक्तिकरण एवं स्वावलंबन की आवाज़ को बुलंद किया l इस अवसर पर स्वधा रिजवी, निदेशक, भारतीय भारतीय सांस्कृतिक सम्बन्ध परिषद् और सुधा वर्गीश , नारी गुंजन ने उपस्थित होकर महिलाओं की हौसलाअफजाई की। समीर कुमार, राज्य परियोजना प्रबंधक, जीविका ने सभी को कार्यक्रम की प्रस्तुति एवं आगमन के लिए धन्यवाद दिया।सोमवार को सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत अरुण एंड ग्रुप के द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत पति -पत्नी के नोक-झोंक और बिहार को संस्कृति पर आधारित लोक गीत एवं नृत्य की प्रस्तुति की गई।कलाकारों में माधव, अरुण, विकास, शिल्पा, सोनाली, दिव्या, निहारिका और सारिका ने अपनी रंग प्रस्तुतियों से दर्शकों को झुमाया। राहुल सहनी ने अपनी गायन से शमा बांध।मंच संचालन नाज़िश बानो, राज्य परियोजना प्रबंधक, जीविका ने किया।

