
भोपाल/मध्यप्रदेश (मनोज कुमार प्रसाद)19 जून। संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय, भोपाल द्वारा 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून 2026, रविवार को प्रातः 6:30 बजे संग्रहालय के आवृति भवन परिसर में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” निर्धारित की गई है।
कार्यक्रम में प्रशिक्षित योग विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान सत्र आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर संग्रहालय के अधिकारी, कर्मचारी, सशस्त्र सीमा बल,के. स. भ. एवं कार्यशाला के सैनिक, विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थी, योग प्रेमी एवं आम नागरिक सहभागिता करेंगे।
कार्यक्रम के आयोजन में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), केन्द्रीय प्रशिक्षण एवं कार्यशाला, भोपाल का विशेष सहयोग प्राप्त हो रहा है।
संग्रहालय के निदेशक प्रो डा अमिताभ पांडे ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य योग को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाकर शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में सहभागिता के इच्छुक नागरिक, विद्यार्थी, योग साधक एवं विभिन्न संस्थान ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। पंजीकरण के लिए निर्धारित गूगल फ़ॉर्म भरना अनिवार्य है। इच्छुक प्रतिभागी निम्न लिंक के माध्यम से अपना पंजीकरण सुनिश्चित करें:
https://forms.gle/R6WxgL4YTDm9HFLX7
संग्रहालय के जन संपर्क अधिकारी हेमंत बहादुर सिंह परिहार ने भोपालवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर योग को स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली का हिस्सा बनाने के इस जनआंदोलन से जुड़ें।
