शिक्षा, स्वास्थ्य और समाज कल्याण के क्षेत्रों पर विशेष निगरानी के साथ जमीनी स्तर पर कार्य करने का दिया निर्देश।
RKTV NEWS/देवघर ( झारखंड)19 जून। गुरुवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (DMFT) और आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम (ABF) के तहत संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक के दौरान उपायुक्त ने जिले में चल रही योजनाओं की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट रूप से निर्देश दिया कि शिक्षा, स्वास्थ्य और समाज कल्याण के क्षेत्र में चल रहे कार्यों की विशेष निगरानी (मॉनिटरिंग) की जाए। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों का सीधा सरोकार आम जनता और बच्चों के भविष्य से है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए।
स्कूलों में 100% शौचालय और आंगनबाड़ी सुदृढ़ीकरण के निर्देश
शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास पर चर्चा करते हुए उपायुक्त ने समाज कल्याण विभाग को निर्देशित किया कि जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों के नए भवन निर्माण और पुराने भवनों के जीर्णोद्धार का कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा करें। इसके साथ ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले के प्रत्येक स्कूल में शत-प्रतिशत शौचालय की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि छात्र-छात्राओं को एक स्वच्छ और सुरक्षित माहौल मिल सके। आगे उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जो भी योजनाएं वर्तमान में लंबित हैं, उन्हें तय समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा करें। उन्होंने अधिकारियों को फील्ड विजिट कर जमीनी स्तर पर कार्यों की जांच करने को भी कहा। इसके अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि आकांक्षी ब्लॉकों का विकास नीति आयोग की प्राथमिकताओं में शामिल है। ऐसे में नीति आयोग द्वारा निर्धारित सभी महत्वपूर्ण मानकों (जैसे स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा और कृषि) पर ब्लॉकवार प्रगति की समीक्षा की जाए और पिछड़े इंडिकेटर्स को तुरंत सुधारा जाए। साथ ही आकांक्षी ब्लॉकों में तैनात फेलोज़ को नियमित रूप से फील्ड विजिट करने और जमीनी स्तर पर योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक रिपोर्ट सीधे उप विकास आयुक्त कार्यालय के माध्यम से उपायुक्त कार्यालय को सौंपने का निर्देश दिया गया।
इस दौरान उपरोक्त के अलावा उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, जिला योजना पदाधिकारी मुकेश कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी, डीएमएफटी और एबीएफ के टीम मेंबर उपस्थित थे।

