
आरा/भोजपुर (डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा)13 जून।भोजपुर जिले में जमीनी विवाद को लेकर हुई मारपीट की घटना में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 8 और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस कार्रवाई के बाद मामले में अब तक कुल 16 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। जानकारी के अनुसार, मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रामपुर सनदिया गांव में जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद और हिंसक झड़प हुई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए भोजपुर पुलिस ने लगातार छापेमारी अभियान चलाया और मामले में संलिप्त आरोपियों को गिरफ्तार किया। इससे पहले भी इसी मामले में 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था। ताजा कार्रवाई में गिरफ्तार किए गए आरोपियों के बाद कुल गिरफ्तारियों की संख्या 16 हो गई है। पुलिस अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
