JSLPS की विशेष पहल से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार स्वदेशी एवं हस्तनिर्मित उत्पादों की हो रही बिक्री।
RKTV NEWS/दुमका (झारखंड)06 नवंबर।दीपावली के पावन अवसर पर ग्रामीण महिलाओं की प्रतिभा, मेहनत और उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS), दुमका द्वारा विशेष पहल की गई। इसके तहत महिला स्वयं सहायता समूहों (SHGs) से जुड़ी ग्रामीण महिलाओं द्वारा तैयार पारंपरिक एवं आकर्षक दीपावली उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री के लिए जिला एवं प्रखंड मुख्यालयों में विशेष स्टॉल लगाए गए हैं।
पारंपरिक उत्पादों से सजे स्टॉल, लोगों को आकर्षित कर रहे हैं
इन स्टॉलों पर ग्रामीण महिलाओं द्वारा तैयार हस्तनिर्मित डिजाइनर दीये, पूजा सामग्री, मिठाइयां, सरसों तेल, कोचरा तेल, बांस की टोकरी, रूवा बत्ती, गुलाल, रोरी, चंदन, जनेऊ, दसांग धूप, अल्पना सामग्री सहित विभिन्न पारंपरिक एवं सजावटी वस्तुएं उपलब्ध हैं। महिलाओं के हुनर और स्थानीय संसाधनों से तैयार इन उत्पादों को लोगों द्वारा पसंद किया जा रहा है। इन स्टॉलों के माध्यम से स्थानीय लोगों को त्योहार से जुड़ी आवश्यक सामग्री एक ही स्थान पर उपलब्ध हो रही है।
महिला उद्यमिता एवं आर्थिक आत्मनिर्भरता को मिल रहा बढ़ावा
JSLPS की यह पहल ग्रामीण महिलाओं को उनके उत्पादों के लिए सीधा बाजार उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनकी आय में वृद्धि और आर्थिक आत्मनिर्भरता के अवसर भी प्रदान कर रही है। इस तरह के आयोजनों से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को अपनी कला, कौशल और उत्पादों को व्यापक स्तर पर प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। साथ ही स्थानीय उत्पादों एवं पारंपरिक हुनर को भी नई पहचान मिलती है।

