
RKTV NEWS/दुमका (झारखंड)27 मई।जामा प्रखंड अंतर्गत कुरूमटांड़ गांव निवासी किसान संजीत प्रसाद मांझी ने RKVY-PDMC योजना के तहत टपक सिंचाई प्रणाली को अपनाकर खेती के क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है। सीमित जल संसाधनों एवं पारंपरिक खेती पद्धति के बीच खेती करने वाले किसान ने आधुनिक तकनीक को अपनाकर अपनी आय एवं उत्पादन दोनों में वृद्धि की है।
पूर्व में किसान द्वारा पारंपरिक विधि से सब्जी एवं मिर्च की खेती की जाती थी, जिसमें सिंचाई मुख्य रूप से कुएं एवं वर्षा जल पर निर्भर थी। जल की अनिश्चित उपलब्धता के कारण खेती सीमित स्तर तक ही हो पाती थी तथा उत्पादन भी अपेक्षाकृत कम था। इसके उपरांत RKVY-PDMC योजना के अंतर्गत किसान के खेत में टपक सिंचाई प्रणाली अधिष्ठापित की गई, जिससे कम पानी में अधिक उत्पादन संभव हो सका।
टपक सिंचाई प्रणाली के माध्यम से पौधों की जड़ों तक आवश्यक मात्रा में जल एवं उर्वरक पहुंचाए जा रहे हैं, जिससे फसल की गुणवत्ता एवं उत्पादकता में वृद्धि हुई है। वर्तमान में किसान एक से अधिक फसलों की खेती कर बेहतर आय अर्जित कर रहे हैं। किसान द्वारा लगभग 0.47 हेक्टेयर भूमि में मिर्च की खेती की जा रही है, जिसमें प्रति एकड़ लगभग ₹37,000 की लागत से खेती कर करीब ₹70,000 तक की शुद्ध आय प्राप्त हो रही है।
किसान संजीत प्रसाद मांझी ने बताया कि आधुनिक सिंचाई तकनीक अपनाने से जल संरक्षण के साथ-साथ खेती में श्रम एवं लागत की भी बचत हो रही है। उन्होंने कहा कि इस योजना से उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है तथा जीवन स्तर भी बेहतर हुआ है।
