
RKTV NEWS/पटना (बिहार)12 मई।बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण में आज यूनिसेफ(UNICEF) के सहयोग से राज्य स्तरीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण मंच (SPDRR) को सुदृढ़ बनाने एवं आपदा प्रबंधन से संबंधित विभिन्न विषयों पर एक महत्वपूर्ण रणनीतिक बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ. उदय कांत मिश्र ने की। बैठक में सदस्य पी.एन.राय, कौशल किशोर मिश्र, प्रकाश कुमार, शंभू दत्त झा सहित प्राधिकरण के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। यूनिसेफ की ओर से मोनिका ओ. नेल्सन एवं राज्य कार्यक्रम विशेषज्ञ राजीव सहित अन्य प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान बिहार में राज्य स्तरीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण मंच (SPDRR) की स्थापना, सुदृढ़ीकरण एवं प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान जलवायु परिवर्तन, भविष्य की आपदाओं, बहु-हितधारक सहभागिता, सामुदायिक भागीदारी तथा दीर्घकालिक आपदा तैयारी जैसे विषयों पर विशेष बल दिया गया।
उपाध्यक्ष डॉ. उदय कांत मिश्र ने कहा कि बिहार को पारंपरिक आपदा प्रबंधन व्यवस्था से आगे बढ़कर भविष्य उन्मुख, तकनीक आधारित तथा जन-केंद्रित आपदा प्रबंधन प्रणाली विकसित करनी होगी। उन्होंने कहा कि बदलते जलवायु परिदृश्य, महामारी तथा नई चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए एक सशक्त एवं टिकाऊ आपदा प्रबंधन तंत्र विकसित करना समय की आवश्यकता है।
बैठक में रोडमैप इम्प्लीमेंटेशन सपोर्ट यूनिट (RISU) को मजबूत करने, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित समाधान, डिजिटल डैशबोर्ड, सामुदायिक स्वयंसेवकों की भागीदारी तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी चर्चा की गई। साथ ही जिला एवं पंचायत स्तर तक आपदा तैयारी को मजबूत करने की दिशा में कई महत्वपूर्ण सुझाव सामने आए।
यूनिसेफ प्रतिनिधियों ने बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की पहलों की सराहना करते हुए तकनीकी सहयोग, क्षमता निर्माण, आपदा तैयारी तथा बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं दिव्यांगजनों जैसे संवेदनशील वर्गों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने पर बल दिया।
बैठक के अंत में बिहार को अधिक सुरक्षित, सक्षम एवं आपदा-रोधी राज्य बनाने हेतु संयुक्त रूप से कार्य करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई। साथ ही SPDRR के प्रभावी क्रियान्वयन एवं आपदा तैयारी तंत्र को और मजबूत करने के लिए निरंतर सहयोग एवं समन्वय बनाए रखने पर सहमति बनी।
