सभी सरकारी अस्पतालों में पर्याप्त मात्रा में ओआरएस पैकेट, आईभी फ्लूड, बेड एवं जीवन रक्षक दवा की व्यवस्था करे सुदृढ़।
जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों और स्कूलों में ओआरएस और पेयजल व्यवस्था करे सुनिश्चित।
RKTV NEWS/देवघर (झारखंड)24 अप्रैल।जिले में बढ़ते तापमान व हीट वेव को देखते हुए उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी शशि प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान उन्होंने कहा कि हीट वेव गंभीर आपदा के रूप में सामने आ सकता है। इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ पूर्व तैयारी सुनिश्चित करें।
इसके अलावा बैठक के दौरान उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी शशि प्रकाश सिंह ने सिविल सर्जन को निर्देशित किया कि सभी प्राथमिक व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और सदर अस्पताल में ओआरएस, जीवनरक्षक दवाएं, पर्याप्त बेड व एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित रखें। साथ सभी प्रखंडो के प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी को हीट स्ट्रोक के मरीजों के इलाज के लिए विशेष तैयारी रखने व चिकित्सा कर्मियों को अलर्ट मोड में रखने को कहा गया। इसके अतिरिक्त अत्यधिक गर्मी से पीड़ित व्यक्तियों के इलाज के लिए आवश्यकतानुसार अस्पतालों में आइसोलेशन वार्ड तत्काल तैयार रखने का निर्देश दिया गया।
प्रचार प्रसार के साथ आमजनों को करे जागरूक
उपायुक्त ने जिला जनसंपर्क कार्यालय को व्यापक स्तर पर जनजागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है। साथ ही चौक-चौराहों, बस स्टैंड, बाजार एवं भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर फ्लैक्स, बैनर व होर्डिंग्स के माध्यम से हीट वेव से बचाव के उपायों का प्रचार-प्रसार एवं सोशल मीडिया व स्थानीय मीडिया के माध्यम से भी लोगों को जागरूक करने का निर्देश दिया गया। आगे उपायुक्त ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी व अंचलाधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि पंचायत सचिवालयों व सार्वजनिक स्थलों में प्याऊ की व्यवस्था सुनिश्चित की जाय। साथ ही देवघर नगर निगम व नगर परिषद क्षेत्रों में भी सभी वार्डों में इसी प्रकार की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया। इसके अतिरिक्त सभी सरकारी कार्यालयों और थानों में भी आमजनों और कर्मियों के लिए पेयजल व राहत सामग्री की व्यवस्था अनिवार्य रूप से हो।
पेयजल आपूर्ति व चापाकलों की मरम्मत पर जोर
पेयजल एवं स्वच्छता विभाग को जिले में खराब पड़े चापाकलों व जल मीनार की मरम्मत के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा गया। चालू चापाकलों की नियमित जांच कर उन्हें सुचारू रूप से चालू रखने को कहा गया, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में जल संकट उत्पन्न नहीं हो। आगे उपायुक्त ने जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों व महिलाओं के लिए ओआरएस, मध्याहन भोजन व स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। साथ ही शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी स्कूलों में पेयजल के साथ ओआरएस की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही कुपोषित व कमजोर वर्गों के लिए विशेष निगरानी रखने पर जोर दिया गया। इसके अलावा उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी पंचयात सचिव और मुखिया को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया, ताकि पंचयात स्तर पर पेयजलापूर्ति से जुड़ी समस्या न हो। साथ ही सभी अंचलाधिकारी को निर्देशित किया गया कि बढ़ती गर्मी को देखते हुए आगजनी की घटना को लेकर विशेष सतर्कता बरते, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे घटना न हो।
उपायुक्त ने जिलावासियों से की अपील
उपायुक्त श्री शशि प्रकाश सिंह ने जिलावासियों से अपील करते हुए कहा कि अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें। खाली पेट घर से बाहर नहीं निकलें। पर्याप्त मात्रा में पानी का सेवन करें। हल्के व ढीले कपड़े पहनें. दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचे। धूप में निकलने की स्थिति में छाता, गमछा या टोपी का प्रयोग अवश्य करें। बच्चों, बुजुर्गों व बीमार व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखें।
बैठक में उपरोक्त के अलावा उप विकास आयुक्त पियूष सिन्हा, अपर समाहर्ता हीरा कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी देवघर रवि कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी मधुपुर राजीव कुमार, सिविल सर्जन डॉ0 रमेश कुमार, जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी, सभी प्रखण्डों के प्रखण्ड विकास पदाधिकारी व अंचल अधिकारी, सहायक जनसम्पर्क पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल देवघर व मधुपुर, सभी प्रखण्डों के एमओआईसी के साथ-साथ संबंधित विभाग के अधिकारी आदि उपस्थित थे।

