
RKTV NEWS/दुमका (झारखंड)16 अप्रैल। बुधवार को समाहरणालय सभागार में उप विकास आयुक्त अनिकेत सचान की अध्यक्षता में नीति आयोग द्वारा निर्धारित सूचकांकों के आलोक में जिले में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं एवं प्रमुख कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य निर्धारित मानकों के अनुरूप योजनाओं की प्रगति सुनिश्चित करना तथा सभी विभागों के बीच आपसी समन्वय को और अधिक सुदृढ़ करना था।
बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त ने नीति आयोग के सूचकांकों के आधार पर जिले में संचालित योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, आधारभूत संरचना, पेयजल, स्वच्छता सहित विभिन्न क्षेत्रों में हो रही प्रगति का आकलन करते हुए संबंधित विभागों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।
उप विकास आयुक्त ने स्पष्ट रूप से कहा कि वित्तीय वर्ष 2023-24, 2024-25 एवं 2025-26 के अंतर्गत सभी लंबित योजनाओं एवं कार्यों को मिशन मोड में शीघ्र पूर्ण किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा नियमित मॉनिटरिंग के माध्यम से प्रगति की समीक्षा सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें, ताकि योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं प्रभावी रूप से आम जनता तक पहुंच सके। साथ ही, डेटा की सटीकता एवं समय पर रिपोर्टिंग पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया, जिससे नीति आयोग के सूचकांकों में जिले की रैंकिंग में सुधार हो सके।
बैठक में विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों द्वारा अपने-अपने विभागों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई तथा लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के लिए कार्ययोजना भी साझा की गई।
