
आरा/भोजपुर (डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा)01 अप्रैल।आरा शहर में घरेलू रसोई गैस सिलेंडर के दुरुपयोग को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईरान–इजराइल–अमेरिका तनाव के बीच गैस आपूर्ति और कीमतों को लेकर चिंताएं बनी हुई हैं वहीं दुरुपयोग का आरोप लगाया है सामाजिक कार्यकर्ता अमरदीप कुमार ने। इन्होंने आरा रेलवे जंक्शन के पूर्वी गुमटी के पास बन रहे पैदल पुल (रेलवे ओवरब्रिज) में खुलेआम घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग वेल्डिंग, लोहे की कटाई और अन्य निर्माण कार्यों में किया जाता देखा है। यह कार्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में खुलेआम चल रहा था, लेकिन इसे रोकने या देखने वाला कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर मौजूद नहीं था।अपने प्रेस बयान में उन्होंने कहा कि घरेलू गैस सिलेंडर का व्यावसायिक और औद्योगिक उपयोग पहले से ही प्रतिबंधित है, इसके बावजूद खुलेआम इसका दुरुपयोग किया जा रहा है, जो सुरक्षा के लिहाज से भी खतरनाक है।
आरा शहर में गैस एजेंसियों द्वारा होम डिलीवरी की व्यवस्था सही तरीके से बहाल नहीं की गई है। उपभोक्ताओं को गैस लेने के लिए सुबह 4 बजे से ही एजेंसी गोदामों पर लंबी कतार में लगना पड़ रहा है। ऑनलाइन बुकिंग के बावजूद लोगों को 8-10 दिन बाद सिलेंडर मिल पा रहा है, जिससे अफरा-तफरी और असंतोष का माहौल है। इन्होंने जिला प्रशासन और पेट्रोलियम कंपनियों से मांग की है कि गैस की होम डिलीवरी व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से बहाल किया जाए तथा गोदामों से सीधे वितरण की प्रक्रिया पर रोक लगाई जाए। साथ ही, जो एजेंसियां नियमों का पालन नहीं कर रहीं, उनके लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई की जाए।यदि समय रहते इस समस्या पर ध्यान नहीं दिया गया, तो गैस की किल्लत और कालाबाजारी जैसी समस्याएं और बढ़ सकती हैं।


