
आरा/भोजपुर (डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा) 19 मार्च।आज निदेशक, जनगणना कार्य एम० रामचंद्रुडु द्वारा भोजपुर जिला में जनगणना 2027 हेतु आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम का अवलोकन किया गया तथा प्रतिभागियों से फीडबैक प्राप्त किया गया।
निदेशक ने बताया कि इस बार की जनगणना वर्ष 2011 की जनगणना से काफी भिन्न होगी तथा इसे पूर्णतः डिजिटल माध्यम से संपन्न किया जाएगा। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को निर्देशित किया कि वे प्रशिक्षण को गंभीरता से लें, ताकि फील्ड में कार्य करने में उन्हें किसी प्रकार की कठिनाई न हो। साथ ही, उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की शंका होने पर विभाग द्वारा उपलब्ध कराए गए मैनुअल एवं दिशा-निर्देशों का भली-भांति अध्ययन करें।
जिला पदाधिकारी तनय सुल्तानिया ने प्रशिक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देशित किया कि वे पूर्ण रूप से प्रशिक्षित हों तथा जनगणना के दौरान गुणवत्तापूर्ण डेटा संकलन सुनिश्चित करें। उन्होंने जनगणना कार्य में शुद्धता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता पर विशेष बल दिया।
उन्होंने बताया कि जनगणना 2027 से प्राप्त आंकड़े अत्यंत महत्वपूर्ण होंगे, जिनमें मकानों की स्थिति एवं सुविधाएं, संपत्तियां, जनसांख्यिकी विवरण, धर्म, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति, साक्षरता, शिक्षा तथा आर्थिक गतिविधियों से संबंधित विस्तृत जानकारी शामिल होगी। इन आंकड़ों के आधार पर जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर योजनाओं के निर्माण एवं विकास कार्यों के लिए आवश्यक आधारभूत जानकारी उपलब्ध होगी।
जिला पदाधिकारी ने यह भी अवगत कराया कि इस बार जनगणना डिजिटल माध्यम से संपन्न की जाएगी। साथ ही परिवारों को एक निर्दिष्ट वेब पोर्टल के माध्यम से स्व-गणना (Self Enumeration) का विकल्प भी उपलब्ध कराया जाएगा। जिले में कुल 21 जनगणना चार्ज निर्धारित किए गए हैं, जिनमें 14 प्रखंड एवं 07 नगर निकाय शामिल हैं।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में राज्य स्तर के चार मास्टर ट्रेनरों द्वारा कुल 157 पदाधिकारियों एवं कर्मियों को जनगणना से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को जनगणना की प्रक्रिया, डेटा संकलन, तकनीकी पहलुओं तथा फील्ड स्तर पर कार्य निष्पादन की बारीकियों से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम के दौरान अपर समाहर्ता (राजस्व), अपर समाहर्ता, जिला लोक शिकायत पदाधिकारी, नगर आयुक्त (नगर निगम), सभी जनगणना चार्जों के चार्ज पदाधिकारी, अपर चार्ज पदाधिकारी, तकनीकी सहायक एवं अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

