RK TV News
खबरें
Breaking News

मुजफ्फरपुर:विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में मुजफ्फरपुर की बड़ी पहल।

नीति आयोग के संपूर्णता अभियान 2.0 के तहत मुजफ्फरपुर आकांक्षी जिला, मुसहरी आकांक्षी प्रखंड घोषित।

जिलाधिकारी ने अभियान की सफलता हेतु हितधारकों के साथ की बैठक, डीडीसी को साप्ताहिक समीक्षा कर प्रगति लाने का निदेश।

RKTV NEWS/मुजफ्फरपुर(बिहार)03 फरवरी।विकसित भारत @2047 के विजन को धरातल पर उतारने की दिशा में नीति आयोग द्वारा संचालित आकांक्षी जिला कार्यक्रम एवं आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के अंतर्गत मुजफ्फरपुर जिले को आकांक्षी जिला तथा मुसहरी प्रखंड को आकांक्षी प्रखंड के रूप में चयनित किया गया है। इसके तहत जिले और प्रखंड को निर्धारित सूचकांकों (Key Performance Indicators – KPI) में शत-प्रतिशत उपलब्धि हासिल करने का लक्ष्य दिया गया है। इसी क्रम में संपूर्णता अभियान 2.0 (28 जनवरी से 14 अप्रैल 2026) को प्रभावी रूप से लागू करने हेतु जिला पदाधिकारी सुब्रत कुमार सेन की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि संपूर्णता अभियान केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जिले के समग्र विकास से जुड़ा जनआंदोलन है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को सक्रिय, संवेदनशील एवं तत्पर होकर कार्य करने का निर्देश देते हुए स्पष्ट कहा कि सभी चिन्हित सूचकांकों में शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि नीति आयोग का यह कार्यक्रम स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, स्वच्छता और पशुपालन जैसे मूलभूत क्षेत्रों में संतृप्ति (Saturation) हासिल करने का सशक्त माध्यम है।

साप्ताहिक समीक्षा और कड़ी मॉनिटरिंग के निर्देश

जिलाधिकारी ने उप विकास आयुक्त को निर्देश दिया कि वे प्रत्येक सप्ताह संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ प्रगति की समीक्षा करें और ठोस परिणाम सुनिश्चित करें। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि संपूर्ण अभियान की सीधी मॉनिटरिंग वे स्वयं करेंगे। लक्ष्य की प्राप्ति में किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम : 6 प्रमुख KPI पर फोकस

आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम (Aspirational Block Programme) के अंतर्गत 6 प्रमुख प्रदर्शन संकेतकों को चिन्हित किया गया है, जिन पर मुसहरी प्रखंड में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करना है। इनमें शामिल हैं—

आईसीडीएस के तहत पूरक पोषण – 6 माह से 6 वर्ष तक के बच्चों द्वारा नियमित रूप से पूरक पोषण का सेवन सुनिश्चित करना।

आंगनवाड़ी केंद्रों पर विकास निगरानी – पंजीकृत बच्चों की नियमित ग्रोथ मॉनिटरिंग।

आंगनवाड़ी केंद्रों में कार्यात्मक शौचालय – सभी संचालित आंगनवाड़ी केंद्रों में क्रियाशील शौचालय की उपलब्धता।

पीने के पानी की सुविधा – आंगनवाड़ी केंद्रों में स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था।

स्कूलों में लड़कियों के लिए शौचालय – सभी विद्यालयों में बालिकाओं के लिए पर्याप्त एवं कार्यात्मक शौचालय।

मवेशियों का टीकाकरण – खुरपका-मुंहपका (FMD) रोग के विरुद्ध पशुओं का व्यापक टीकाकरण।

जिलाधिकारी ने कहा कि ये सभी सूचकांक सीधे तौर पर बच्चों, महिलाओं, किसानों और ग्रामीण जीवन की गुणवत्ता से जुड़े हैं, इसलिए इन पर विशेष प्राथमिकता दी जाए।

आकांक्षी जिला कार्यक्रम : मुजफ्फरपुर के लिए 5 मुख्य KPI

देश भर में चयनित 112 आकांक्षी जिलों में मुजफ्फरपुर भी शामिल है। संपूर्णता अभियान 2.0 के तहत आकांक्षी जिलों के लिए 5 प्रमुख KPI निर्धारित किए गए हैं—

जन्म के समय वजन – जन्म के समय जीवित बच्चों का वजन मापे जाने का अनुपात बढ़ाना।

टीबी अधिसूचना – सार्वजनिक एवं निजी स्वास्थ्य संस्थानों में टीबी मामलों की अधिसूचना दर में वृद्धि।

स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस – ग्राम/शहरी स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस (VHND/UHNND) का नियमित आयोजन।

विद्यालयों में शौचालय – स्कूलों में कार्यात्मक लड़कियों के शौचालय की उपलब्धता।

पशु टीकाकरण – जिले में पशु टीकाकरण कवरेज को पूर्ण करना।

इन सूचकांकों के माध्यम से स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा और पशुपालन के क्षेत्र में समग्र सुधार लाने का लक्ष्य रखा गया है।

विशेष दिवसों पर व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि संपूर्णता अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप देने के लिए विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय विशेष दिवसों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। इनमें 28 फरवरी (राष्ट्रीय विज्ञान दिवस), 8 मार्च (अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस), 16 मार्च (राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस), 22 मार्च (विश्व जल दिवस), 24 मार्च (विश्व टीबी दिवस), 7 अप्रैल (विश्व स्वास्थ्य दिवस), 10 अप्रैल (राष्ट्रीय सुरक्षित मातृत्व दिवस) एवं 14 अप्रैल (भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती) शामिल हैं। इन अवसरों पर जागरूकता, शिविर, रैली और सेवा गतिविधियों के आयोजन के निर्देश दिए गए।

अधिकारियों ने ली शपथ

बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने उपस्थित सभी अधिकारियों को आकांक्षी जिला एवं आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु शपथ दिलाई। अधिकारियों ने अपने-अपने ब्लॉक और जिले में संपूर्णता अभियान के सभी इंडिकेटरों को संतृप्त करने, जिले को स्वस्थ, समर्थ एवं समृद्ध बनाने तथा मुजफ्फरपुर को एक प्रेरणादायी जिला और ब्लॉक के रूप में विकसित करने का संकल्प लिया।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने कहा कि यदि सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें, तो मुजफ्फरपुर न केवल अपने लक्ष्यों को हासिल करेगा, बल्कि राज्य और देश के लिए एक मॉडल जिला के रूप में उभरेगा। संपूर्णता अभियान 2.0 के माध्यम से जिले को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने का यह सुनहरा अवसर है, जिसे हर हाल में सफल बनाया जाएगा।

वरिष्ठ अधिकारी रहे उपस्थित

इस महत्वपूर्ण बैठक में उप विकास आयुक्त श्रेष्ठ अनुपम, सिविल सर्जन डॉ. अजय कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी पूर्वी तुषार कुमार, अपर समाहर्ता राजस्व प्रशांत कुमार, अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन शैलेश कुमार चौधरी, जिला परियोजना प्रबंधक जीविका अनीशा सहित आईसीडीएस के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

Related posts

पालनाघर: बच्चों की मस्ती का पाठशाला और कामकाजी महिलाओं के लिए बना पालना घर ।

rktvnews

उपराष्ट्रपति ने उगादि, गुड़ी पड़वा, चैत्र शुक्लादि, चेती चांद, नवरेह और साजिबु चेरोबा की पूर्व संध्या पर देशवासियों को बधाई दी।

rktvnews

राष्ट्रपति ने महाराष्ट्र सरकार की ‘शासन आपल्या दारी’ और ‘मुख्यमंत्री माझी लड़की बहिन योजना’ के लाभार्थियों की एक सभा को संबोधित किया।

rktvnews

किष्किंधा दर्पण यात्रा वृतांत का विमोचन।

rktvnews

अधिकारी हर कार्य के लिए लोगों के साथ संपर्क बनाकर रखें ताकि कार्य समय पर पूरा हो सके : डीसी मोनिका गुप्ता

rktvnews

मंडल कारा आरा का जिला एवं सत्र न्यायाधीश ब्रजेश कुमार मालवीय ने किया निरीक्षण।

rktvnews

Leave a Comment