RK TV News
खबरें
Breaking News

उत्तराखंड: चार धाम यात्रा का हुआ शुभारंभ,कपाटोद्घाटन समारोहों में मुख्यमंत्री हुए शामिल,की पूजा अर्चना।

RKTV NEWS/देहरादून ( उत्तराखंड)30 अप्रैल।श्री गंगोत्री और श्री यमुनोत्री धाम के कपाट आज अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर वैदिक मंत्रोच्चारण और पूजा-अर्चना के साथ श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए हैं। इसके साथ ही उत्तराखण्ड की चारधाम यात्रा 2025 का भी शुभारंभ हो गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दोनों धामों में कपाटोद्घाटन समारोह में संकल्प लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम से पहली पूजा की और चारधाम यात्रा के सफल आयोजन तथा देश-प्रदेश की सुख समृद्धि एवं खुशहाली की मंगल कामना की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी यमुनोत्री धाम के कपाटोद्घाटन में पहुंचने वाले पहले मुख्यमंत्री हैं। इस अवसर पर गंगोत्री एवं यमुनोत्री मंदिर के ऊपर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई। धार्मिक परंपराओं के अनुसार आज सुबह मां गंगा की उत्सव डोली भैरव घाटी स्थित भैरव मंदिर से चलकर श्री गंगोत्री धाम पहुंची। श्री गंगोत्री धाम में विशेष पूजा-अभिषेक के साथ पूर्वाह्न 10 बजकर 30 मिनट पर गंगोत्री मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले गये।
मां यमुना की डोली शनिदेव महाराज की अगुवाई में शीतकालीन प्रवास स्थल खरसाली से चलकर यमुनोत्री धाम पहुंची। धार्मिक विधि- विधान के साथ पूर्वाह्न 11 बजकर 55 मिनट पर श्री यमुनात्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोले गए। कपाट खुलने के अवसर पर देश विदेश से आए हजारों श्रद्धालुओं ने अखंड ज्योत के दर्शन किये तथा गंगा और यमुना नदी में स्नान कर पुण्य अर्जित किया।
श्री गंगोत्री एवं श्री यमुनोत्री धाम के कपाटोद्घाटन समारोहों में प्रतिभाग करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मॉं गंगा एवं यमुना के मंदिरों में शीश नवाया और विशेष पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने दोनों धामों में पहुंची लोक देवताओं की डोलियों से भी आशीष प्राप्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड के चारधाम देश-विदेश के श्रद्धालुओं के लिए आस्था के प्रमुख केन्द्र हैं और इन धामों की यात्रा का सौभाग्य प्राप्त करने की आकांक्षा हर श्रद्धालु के मन में रहती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुरक्षित और सुव्यवस्थित चारधाम यात्रा के लिए राज्य में व्यापक प्रबंध किये गये हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुगमता को ध्यान में रखते सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास किये गये हैं। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अतिथि देवो भवः की परंपरा के अनुसार हमारा प्रयास है कि चारधाम यात्रा पर आने वाले सभी श्रद्धालु देवभूमि उत्तराखण्ड से दिव्य धामों के शुभाशीष के साथ ही यात्रा का सुखद अनुभव लेकर जाएं। मुख्यमंत्री ने ग्रीन और क्लीन चारधाम यात्रा के आयोजन के लिए सभी लोगों से सहयोग की अपील भी की।
श्री गंगोत्री धाम में कपाटोद्घाटन के अवसर पर विधायक सुरेश चौहान, गंगोत्री मंदिर समिति के अध्यक्ष धर्मानंद सेमवाल, सचिव सुरेश सेमवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान, किशोर भट्ट, जिलाधिकारी उत्तरकाशी डॉ.मेहरबान सिंह बिष्ट एवं पुलिस अधीक्षक सरिता डोबाल आदि मौजूद रहे।
श्री यमुनोत्री धाम में कपाटोद्घाटन के अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी उत्तरकाशी एस.एल सेमवाल, उप जिलाधिकारी बृजेश कुमार तिवारी, यमुनोत्री मंदिर समिति के उपाध्यक्ष संजीव उनियाल एवं सचिव सुनील उनियाल मौजूद रहे।

Related posts

बक्सर जिलाधिकारी ने चैंबर ऑफ कॉमर्स एवं उद्योग विभाग की बैठक की अध्यक्षता की।

rktvnews

बक्सर: डीएम और एसपी ने EVM-VVPAT वेयर हाउस का संयुक्त रूप से किया मासिक निरीक्षण।

rktvnews

उत्तराखंड:डेस्टिनेशन वेडिंग पर उत्तरी भारत के 75 से अधिक प्रमुख वेडिंग प्लानर्स के साथ वर्चुअल बैठक आयोजित।

rktvnews

गढ़वा:उपायुक्त की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग अंतर्गत संचालित कार्यों की समीक्षा बैठक सम्पन्न।

rktvnews

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हरितालिका तीज के अवसर पर बिहारवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

rktvnews

गया :चुनाव के दौरान दुर्घटना में मृत सिपाही के परिजनों को वरीय पुलिस अधीक्षक ने 25 लाख रुपए की सहायता राशि का चेक किया प्रदान।

rktvnews

Leave a Comment