कदाचारमुक्त वातावरण में मैट्रीक व इंटर परीक्षा कराने को लेकर उपायुक्त ने अधिकारियों, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों व पुलिस पदाधिकारियों को दिये आवश्यक दिशा-निर्देश।

जिले में कल 03 फरवरी से 23 फरवरी तक मैट्रीक व इंटर परीक्षा का होगा आयोजन।
RKTV NEWS/देवघर (झारखंड)02 फरवरी।उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा की अध्यक्षता में आज झारखण्ड अधिविद्य परिषद, रांची द्वारा आयोजित वार्षिक माध्यमिक परीक्षा एवं इंटरमीडिएट परीक्षा, 2026 के सफल संचालन हेतु शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं सभी प्रतिनियुक्त गश्तीदल दण्डाधिकारी, सभी प्रतिनियुक्त स्टैटिक दण्डाधिकारी, सभी प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारी, सभी सबंधित बैंक मैनेजर के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान उपायुक्त द्वारा शिक्षा विभाग के अधिकारियों व सभी उपस्थित केन्द्र अधीक्षकों को जिले में आयोजित होने वाले मैट्रीक व इंटर परीक्षा के सफल संचालन को आवश्यक व उचित दिशा-निर्देश दिया। साथ हीं उन्होंने कहा कि कदाचार मुक्त परीक्षा सम्पन्न कराना सभी की जिम्मेवारी है। ऐसे में आवश्यक है कि अपने-अपने परीक्षा केन्द्रों पर आवश्यक सभी व्यवस्थाओं सुनिश्चित किया जाय, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। आगे उपायुक्त ने जानकारी दी कि वार्षिक माध्यमिक सैद्धांतिक परीक्षा 03 से 17 फरवरी तक प्रथम पाली पूर्वाह्न 09.45 बजे से 01.00 बजे अपराह्न तक होगी. वहीं इंटरमीडिएट (कला, विज्ञान एवं वाणिज्य) की सैद्धांतिक परीक्षा 03 से 23 फरवरी तक द्वितीय पाली में अपराह्न 02.00 बजे से शाम 05.15 बजे तक संचालित होगी।
इसके अलावे बैठक के दौरान उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्रों में मोबाइल फोन समेत किसी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा। परीक्षा संचालन में किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो, इसके लिए संबंधित अधिकारियों व पुलिस पदाधिकारियों को सतर्क रहने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने सभी बैंकों को प्रश्नपत्र व उत्तर पुस्तिकाओं के सुरक्षित भंडारण की जिम्मेदारी सख्ती से निभाने का निर्देश दिया। आगे जिला शिक्षा पदाधिकारी को यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि प्रत्येक परीक्षार्थी को परीक्षा से पूर्व अपने परीक्षा केंद्र की पूरी जानकारी उपलब्ध हो, ताकि केंद्र खोजने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। सभी मजिस्ट्रेट, केंद्राधीक्षक एवं शिक्षकों को समय का विशेष ध्यान रखते हुए निर्धारित समय पर अपने-अपने परीक्षा केंद्रों पर रिपोर्टिंग करने का निर्देश दिया गया। आगे उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा की दृष्टि से प्रत्येक केन्द्र पर पुलिस बल तैनात कर दिए जाएगें। साथ ही उपायुक्त ने कहा कि परीक्षा केंद्रों में ड्यूटी पर तैनात अधिकारी, कर्मचारी व पुलिस अधिकारी मॉनिटरिंग करें और परीक्षार्थियों को प्रवेश करने के बाद उन्हें परीक्षा समाप्ति के बाद ही बाहर आने दें। इसके अलावे देवघर अनुमंडल व मधुपुर अनुमंडल अंतर्गत माध्यमिक परीक्षा केन्द्रों पर निगरानी को लेकर संबंधित अधिकारियों व पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक व उचित दिशा-निर्देश दिया।
बैठक में उपरोक्त के अलावे उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी देवघर, अनुमंडल पदाधिकारी मधुपुर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, देवघर, मधुपुर, सारठ, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कोषागार पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, एलडीएम, प्रतिनियुक्त गश्तीदल दण्डाधिकारी, प्रतिनियुक्त स्टैटिक दण्डाधिकारी, प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारी, सबंधित बैंक मैनेजर, सभी बीईओ, सहायक जनसम्पर्क पदाधिकारी के साथ-साथ संबंधित विभाग के अधिकारी आदि उपस्थित थे।

