हनुमानगढ़/राजस्थान 20 जून। मंगलवार को जिला सलाहकार समिति / जिला स्तरीय समीक्षा समिति की बैठक का आयोजन जिला कलक्टर रुक्मणि रियार की अध्यक्षता में क्लक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई । जिसमें भारतीय रिजर्व बैंक के सहायक महाप्रबंधक अभिषेक दीक्षित, जिला अग्रणी बैंक प्रबन्धक राज कुमार, नाबार्ड के जिला विकास प्रबन्धक श्री दयानन्द काकोडिया तथा सभी बैंकों के जिला समन्वयक, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक हरीश मित्तल, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुनील छाबड़ा, निदेशक आरसेटी प्रेम सिंह पथरी ने भाग लिया।
बैठक को संबोधित करते हुये जिला कलक्टर रुक्मणी रियार ने सभी बैंकों को लम्बित पड़े सभी आवेदन पत्रों को निर्धारित समय सीमा में निस्तारित करने के निर्देश देते हुए कहा कि जहां तक संभव हो सके, आवेदक को बैंक पात्रता अनुसार समय पर ऋण उपलब्ध करवाए ताकि वो अपना रोजगार शुरू कर सके। इन्दिरा गांधी शहरी क्रेडिट कार्ड योजना के तहत अब तक कुल 7187 आवेदकों को ऋण वितरित कर 70% लक्ष्य प्राप्त किया जा चुका है तथा रुक्मणि रियार ने कहा कि सभी लम्बित आवेदन पत्रों का निस्तारण करें तथा 100% लक्ष्यों की प्राप्ति करना सुनिश्चित करें। इन्दिरा महिला शक्ति उद्यम प्रोत्साहन योजना के तहत बकाया आवेदन पत्रों का समय पर निस्तारित करने के निर्देश दिये तथा बैंकों द्वारा लौटाए गए 454 आवेदन पत्रों के लिये सभी बैंकों को उदार रुख अपनाने के निर्देश दिये। मुख्यमंत्री लघु उद्योग प्रोत्साहन योजना तथा पीएमईजीपी योजना के शत प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति के लिये सभी बैंकों एवं जिला उद्योग केंद्र को धन्यवाद दिया।
भारतीय रिजर्व बैंक के सहायक महाप्रबंधक अभिषेक दीक्षित ने बैंकों में 10 वर्ष से अधिक दावा न की गयी जमा राशियों के लिये 10 दिवस के भीतर सबसे बड़े 100 खातों का निस्तारण किए जाने के लिए योजना के बारे में जानकारी दी, उन्होंने भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा हाल ही में जारी किए गये दिशा निर्देशों के बारे में जानकारी दी तथा एमएसएमई के लिये सृजित पोर्टल उद्यम असिस्ट तथा 2000 रु. के नोटों के बारे में साफ नोट नीति के बारे में जानकारी देते हुये बैंकों द्वारा ग्राहकों तक पहुंचाने के दिशा निर्देश दिये।
नाबार्ड के जिला विकास प्रबन्धक दयानंद काकोड़िया ने न्यू एएमआई योजना एवं एग्रीक्लिनिक एग्रीबिज़नेस सेण्टर योजना के 31 मार्च 2024 तक जारी रहने की जानकारी दी तथा सभी वित्तपोषक बैंक पात्र आवेदक का क्लैम इंश्योर पोर्टल पर नियत समय में अपलोड करें। नाबार्ड की एग्री इंफ्रास्ट्रक्चर फण्ड एवं स्पैशल रिफ़ाइनेंस स्कीम जैसे वाश, माईक्रोफूड प्रोसेसिंग आदि में भी ऋण प्रवाह सुनिश्चित करने का अनुरोध किया। राजीविका के खाते खोलने एवं ऋण वितरण के साथ प्रत्येक ग्राम पंचायत पर वीसी की भी समीक्षा की गई। प्री पीएलपी पर गतिविधि वार चर्चा के दौरान सभी विभागों एवं बैंकों से सुझाव आमंत्रित किए गये ताकि अगले वित्त वर्ष हेतु ऋण संभावनाओं के आकलन तैयार किया जा सके।
जिला अग्रणी बैंक प्रबन्धक राज कुमार ने वर्ष 2022-23 के लिए सभी बैंकिंग आंकड़ों का प्रस्तुतीकरण कर विस्तार से जानकारी दी। सभी बैंकों के प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि को एलबीआर विवरिका एवं अन्य संबंधित आंकड़े समय पर एवं गुणवत्तापरक प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें।

