उद्योग, स्वास्थ्य, शिक्षा से बिजली तक हर विभाग की हुई समीक्षा, लापरवाही पर सख्त निर्देश।

सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही शासन की प्राथमिकता।

कार्य में लापरवाही पर जवाबदेही होगी तय, अधिकारी जिम्मेदारी से करें काम।

बजट मिला है तो उपयोग भी हो, योजनाएं प्रस्तावों तक न रहे सीमित, योजनाओं की प्रगति से अपडेट रहे अधिकारी।
अधिकारियों को कार्यशैली में सुधार के दिए निर्देश, बागपत को सभी आयामों में अव्वल बनाने पर जोर।
RKTV NEWS/बागपत (उत्तर प्रदेश)21 जनवरी।उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने आज विभिन्न स्थलीय निरीक्षण उपरांत कलेक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की व्यापक समीक्षा बैठक की जिसमें राज्यमंत्री केपी मलिक सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। उप मुख्यमंत्री ने एक-एक विभाग की प्रगति, जमीनी स्थिति और योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए स्पष्ट कहा कि बागपत शासन की प्राथमिकता में शामिल है इसलिए यहां कार्यों में लापरवाही की कोई गुंजाइश नहीं है। उन्होंने अधिकारियों को पूर्ण जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।
बैठक में उद्योग विभाग द्वारा जनपद में निवेश और उद्योग स्थापना की प्रगति साझा की गई। उपायुक्त उद्योग अर्चना तिवारी ने बताया कि जनपद में लगभग 1500 उद्योग पंजीकृत हैं, जिनमें से करीब 90 प्रतिशत उद्योग स्थापित हो चुके हैं। उप मुख्यमंत्री ने धरातल पर उद्योगों के संचालन की स्थिति पूछी, लेकिन इस पर उपयुक्त स्पष्ट जानकारी प्रस्तुत नहीं कर सके। इस पर उप मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताते हुए कहा कि उद्योग विभाग का कार्य केवल पंजीकरण तक सीमित नहीं है, बल्कि उद्योग स्थापना, संचालन, प्रशिक्षण और रोजगार सृजन से जुड़ा है। उन्होंने निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की और निर्देश दिए कि प्रत्येक उद्योग से संबंधित समस्त जानकारी अधिकारी स्वयं रखें और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें।
जल जीवन मिशन (ग्रामीण) की समीक्षा करते हुए विभाग ने बताया कि जनपद में 174 योजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं। वहीं उप मुख्यमंत्री ने थर्ड पार्टी द्वारा निर्मित टंकियों की गुणवत्ता जांच कराने के निर्देश दिए। सड़कों की खुदाई उपरांत 26 गांवों में मार्ग क्षतिग्रस्त होने पर उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं के साथ समन्वय कर स्थिति सुधारने को कहा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि खराब रास्तों के कारण यदि लोगों को नुकसान हो रहा है तो उसकी रिकवरी कार्यदायी संस्था से कराई जाए। बैठक में यह भी सामने आया कि 83 पुरानी पेयजल टंकियों में से 76 मरम्मत न होने के कारण अक्रियाशील हैं। इस पर कड़ी नाराजगी जताते हुए उप मुख्यमंत्री ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। राज्यमंत्री केपी मलिक ने बड़ौत क्षेत्र में पूर्ण हो चुकी जल जीवन मिशन योजनाओं की जानकारी ली।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान उप मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी स्थिति पर जानकारी ली। सीएमओ ने बताया कि जनपद में 151 आरोग्य मंदिर और 211 सब सेंटर संचालित हैं। उन्होंने पूछा कि कितने केंद्र नियमित रूप से खुले रहते हैं और कितने ताला बंद हैं। सीएमओ से निरीक्षणों की संख्या पूछी गई, लेकिन संतोषजनक उत्तर न मिलने पर उप मुख्यमंत्री ने कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि पूर्व में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में दिए गए दिशा-निर्देशों का पालन न होना गंभीर विषय है। सप्ताह में कम से कम चार स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण और जांच अनिवार्य रूप से की जाए और रिपोर्ट शासन को प्रेषित की जाए।
उन्होंने रोगी कल्याण निधि से स्वास्थ्य केंद्रों की स्थिति सुधारने, अस्पतालों को बेहतर बनाने और किसी भी पद को रिक्त न रहने देने के निर्देश दिए। सीएचसी बागपत में निरीक्षण के दौरान सामने आई अव्यवस्थाओं पर तत्काल सुधार के निर्देश दिए। पीएचसी में उपलब्ध बेड और अन्य सुविधाओं की भी जानकारी ली। 102 एंबुलेंस (17) और 108 एंबुलेंस (15) के औसत सात मिनट रिस्पॉन्स टाइम पर संतोष जताया गया, लेकिन पुरानी एंबुलेंसों की स्क्रैप नीलामी के निर्देश दिए गए। सीएमओ से समस्त आंकड़े अद्यतन रखने एवं विभागीय योजनाओं की प्रगति की जानकारी से अपडेट रहने को कहा।
समीक्षा बैठक में बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि सभी विद्यार्थियों को ड्रेस वितरित की जा चुकी है और 99 प्रतिशत कायाकल्प कार्य पूर्ण हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि जनपद में 23 राजकीय, 71 शासकीय सहायता प्राप्त, 62 प्राइवेट कॉलेज, 7 संस्कृत तथा 64 सीबीएसई/आईसीएसई सहित कुल 227 विद्यालय हैं। उप मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि सभी विद्यालयों में खेल पीरियड अनिवार्य हो और नियमित खेल गतिविधियां संचालित की जाएं, ताकि युवा मोबाइल की लत से दूर रहें और शारीरिक रूप से सक्रिय बने रहें।
प्रधानमंत्री आवास योजना में 583 नए सर्वे पूरे होने की जानकारी दी गई। लोक निर्माण विभाग ने बताया कि जनपद में कुल 608 सड़कें हैं और बागपत में एनेक्सी भवन निर्माण के लिए 15 करोड़ रुपये के प्रस्ताव की जानकारी भी साझा की गई। सेतु निगम ने कृष्णा और हिंडन नदी पर नए पुलों के टेंडर की प्रक्रिया पूरी होने और शीघ्र कार्य शुरू होने की जानकारी दी गई। उप मुख्यमंत्री ने समयबद्धता पर जोर देते हुए कहा कि सभी परियोजनाएं तय समय सीमा में पूरी हों।
विद्युत विभाग की समीक्षा में बताया गया कि जनपद में लाइन लॉस 21 प्रतिशत है। इस पर उप मुख्यमंत्री ने नाराजगी व्यक्त की और बिजली चोरी के स्थायी समाधान पर जोर दिया। क्षमता वृद्धि के लिए भेजे गए प्रस्ताव, 165 नए ट्रांसफॉर्मर और वर्ष 2024-25 में बने नए सब स्टेशन की जानकारी दी गई। सीएम डैशबोर्ड पर बिजली आपूर्ति से जुड़ी कोई शिकायत लंबित न होने पर संतोष जताया। नए कनेक्शन के आवेदनों प्रतिमाह 1100-1200 को समय से निस्तारित करने के निर्देश दिए। पीएम सूर्यघर योजना के तहत 1800 में से 919 सोलर इंस्टॉलेशन पूरे होने की जानकारी दी गई। बड़ौत में नए सब स्टेशन के लिए भूमि उपलब्ध न होने पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कौशल विकास की समीक्षा की जिसमें जनपद में 305 युवाओं को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य निर्धारित है, जिनमें से 175 युवाओं को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। 50 करोड़ रुपये तक की लंबित परियोजनाओं की भी समीक्षा की। पुलिस लाइन में 403 किलोवाट सोलर पैनल और जिलाधिकारी कार्यालय में सोलर पैनल स्थापना कार्य प्रगति पर होने की जानकारी दी गई। सोलर स्ट्रीट लाइट का 118 का लक्ष्य पूर्ण होने पर संतोष व्यक्त किया गया।
पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने कानून व्यवस्था की स्थिति की जानकारी दी। उप मुख्यमंत्री ने सिपाही और बीट इंचार्ज के साथ बेहतर समन्वय पर जोर देते हुए कहा कि पुलिस विभाग की मुख्य धुरी सिपाही है। उन्होंने आवासीय क्षेत्रों के निकट 200 लोगों की क्षमता वाला सामुदायिक हॉल बनाने का सुझाव दिया और गांव स्तर पर संवाद बढ़ाने के निर्देश दिए।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सूचना विभाग द्वारा तैयार की गई ‘हमारा बागपत’ जनपद नवाचार पुस्तिका का डिजिटल प्रस्तुतीकरण किया। इसमें कांवड़ यात्रा एप, सांस मुहिम, एनिमल वेलफेयर वॉलंटियर्स, चिया सीड्स, मेरी बेटी मेरी कुलदीपक, जानो खेलो जीतो बोर्ड गेम, सुगम्य संकल्प प्रदर्शनी, खाप पंचायतों के साथ बैठक, मानसिक स्वास्थ्य जांच, ट्रांसफॉर्मर्स की बैरिकेडिंग, बर्तन बैंक, वृहद रोजगार मेला, स्पर्श मुहिम, कारीगरों को जीआई मान्यता, नेत्रदान संकल्प पत्र, बागपत ब्लूम ब्रांड और पुरा महादेव स्मृति चिन्ह जैसी पहलों को दर्शाया गया। उप मुख्यमंत्री ने इन नवाचारों की सराहना करते हुए कहा कि प्रशासनिक नवाचारों से ही जनपद को प्रदेश में नंबर-1 बनाने का लक्ष्य पूरा होगा। जिलाधिकारी ने उप मुख्यमंत्री को पुरा महादेव मंदिर पर आधारित स्मृति चिन्ह, जनपद बागपत के मानचित्र से युक्त प्रतीक एवं टेबल क्लॉक भेंट किया।
बैठक के समापन पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि बागपत को नंबर-1 जनपद बनाने के लिए सरकार और प्रशासन मिलकर कार्य कर रहे हैं। जनपद शासन की प्राथमिकता में है, इसलिए प्रत्येक अधिकारी अपने दायित्व को गंभीरता से निभाए। बैठक में पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय, अपर जिलाधिकारी वित्त/राजस्व विनीत उपाध्याय, अपर जिलाधिकारी न्यायिक शिव नारायण सिंह, समस्त एसडीएम सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारीगण मौजूद रहे।

