प्रभावित मरीजों का नि:शुल्क उपचार निरंतर जारी।

क्लोरीनेटेड पानी की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए घर-घर पहुँचकर नागरिकों को वितरित किए गए क्लिनवेट ड्राप।
इंदौर/मध्यप्रदेश ( मनोज कुमार प्रसाद) 05 जनवरी। स्वास्थ्य विभाग ने भागीरथपुरा के प्रभावित क्षेत्र में भारत सरकार के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. चंद्रशेखर गेदाम तथा जिला प्रशासन द्वारा आज कोबो टूल का प्रशिक्षण दिया गया। इस टूल के माध्यम से किसी भी स्थिति का रियल टाईम में वास्तविक मूल्यांकन किया जा सकता है। इस हेतु आज भागीरथपुरा क्षेत्र में विस्तृत सर्वे किया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव प्रसाद हासानी के निर्देशन में लगभग 200 टीमें बनाई गई। प्रत्येक टीम ने पहले से मार्क किए गए घरों में कोबो टूल के माध्यम से रियल टाईम सर्वे किया। इसमें उन्होंने प्रत्येक घर में ओ.आर.एस. के 10 एवं जिंक की 30 टेबलेट वितरित की। इसके साथ-साथ ही एक क्लिनवेट ड्राप भी वितरित की गई। टीम द्वारा यह बताया गया कि क्लिनवेट 10 लीटर पानी में 08 से 10 बूंद डालकर, एक घंटा रखने के बाद उपयोग करें। इस प्रक्रिया से पानी शुद्ध होता है।
इसके साथ ही स्वास्थ्य परामर्श, टोल-फ्री नं. की जानकारी, दवाई का डोज पूरा करने का संदेश, पानी को उबालकर पीने की सलाह, संदिग्ध लक्षणों वाले व्यक्तियों का चिन्हांकन, हाथ धोने की विधि का प्रदर्शन बताया गया। जो व्यक्ति स्वस्थ होकर घर आ गए, उनका फॉलोअप की जानकारी भी ली गई।
प्रत्येक टीम को 25 घंटों का दौरा करना था, प्रत्येक सब-टीम में चिकित्सक, नर्सिंग ऑफिसर, सी.एच.ओ., आशा एवं ए.एन.एम. सम्मिलित थी। आज इन टीमों ने 2745 घरों तक पहुँच बनायी, जिसमें लगभग 14 हजार लोगों तक पहुँचकर किट का वितरण कर आई.ई.सी. गतिविधि एवं परामर्श दिया। इस सर्वे का मुख्य उद्देश्य प्रभावित क्षेत्र में आम जन को क्लोरीनेटेड पानी उपलब्ध करवाना ताकि वे रोगाणु मुक्त जल का उपयोग स्वास्थ्य प्राप्त कर सकें ।
क्षेत्र में कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशानुसार क्षेत्र में 05 एम्बुलेंस लगाई गई है, 24×7 चिकित्सकों की ड्यूटी क्षेत्र में लगाई गई है, मरीजों को एम. व्हाय, चिकित्सालय, अरविंदो अस्पताल तथा बच्चों को चाचा नेहरु अस्पताल में रेफर किया जा रहा है, जो मरीज निजी चिकित्सालयों में जा रहे हैं, वहीं पर भी निःशुल्क उपचार, जाँच एवं औषधि हेतु मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव प्रसाद हासानी द्वारा निर्देशित किया गया है। आज भागीरथपुरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उल्टी दस्त के 38 केस मिले जिसमें से 06 केस रेफर किये गए ।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. हासानी ने बताया कि वर्तमान में कुल 110 मरीज अस्पताल में भर्ती है, जिनका उपचार किया जा रहा है। वर्तमान में आईसीयू में 15 मरीज भर्ती है।

