
RKTV NEWS/डुमरांव(बक्सर )28 दिसंबर।शिक्षा के साथ संस्कार, संस्कृति और भावनात्मक मूल्यों के संरक्षण व संवर्धन को लेकर एक दिवसीय सेमिनार सह शाहाबाद शिक्षक सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय “संस्कार, संस्कृति व भावनाएं” रहा, जिसमें बिहार के विभिन्न जिलों से आए शिक्षाविदों, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं गणमान्य अतिथियों ने सहभागिता की।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में नवनीत सिंह (डायट, व्याख्याता), डा. राजू मोची (पूर्व प्राचार्य, डीके कॉलेज, डुमरांव), डा. शोभा सिंह (प्राचार्य, सुमित्रा महिला कॉलेज, डुमरांव) तथा डा. विनोद कुमार सिंह (सीनेट सदस्य सह व्याख्याता, डीके कॉलेज, डुमरांव) मंचासीन रहे। सभी अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा केवल पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि उसमें संस्कार, संस्कृति और भावनात्मक संवेदनशीलता का समावेश अत्यंत आवश्यक है। इससे ही समाज का सर्वांगीण विकास संभव है।
कार्यक्रम का शुभारंभ विल्फ्रेड हेनरी द्वारा प्रस्तुत भावपूर्ण सरस्वती वंदना से हुआ, जिसने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। इसके पश्चात कुमारी आरती सिंह (गया जी), डा. अमृता कुमारी (भागलपुर) द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया, जिसे उपस्थित श्रोताओं ने सराहा। मंच संचालन की जिम्मेदारी नीतू जालान (भागलपुर) एवं तबरेज आलम (डुमरांव) ने संयुक्त रूप से निभाई और पूरे कार्यक्रम को सुव्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ाया।
इस अवसर पर समस्तीपुर, मधुबनी, गया जी, बक्सर, भोजपुर, रोहतास, कैमूर, गोपालगंज, अररिया और भागलपुर सहित बिहार के कई जिलों से बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बिहार के विभिन्न जिलों के राजकीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक-शिक्षिकाओं का सम्मान समारोह रहा। अतिथियों ने शिक्षकों को अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया और उनके शैक्षणिक योगदान की प्रशंसा की।
अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षक समाज की रीढ़ होते हैं। उनके माध्यम से ही भावी पीढ़ी में संस्कार, नैतिकता और सांस्कृतिक चेतना का बीजारोपण होता है। ऐसे आयोजनों से शिक्षकों का मनोबल बढ़ता है और वे और अधिक समर्पण भाव से अपने दायित्वों का निर्वहन करते हैं।
कार्यक्रम का आयोजन विकास फैमिली क्लब परिवार एवं एक्टिव टीचर्स एंड स्टूडेंट फेसबुक ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। आयोजक संस्था के संस्थापक मनोज कुमार मिश्रा के नेतृत्व में कार्यक्रम को सफल बनाने में राजेश वर्मा, मनोज कुमार, धीरज मिश्रा, मनीष मिश्रा, अनुज मिश्रा, सुनीता कुमारी, हरेराम एवं आकाश मिश्रा सहित पूरी टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। उपस्थित शिक्षकों और अतिथियों ने इस आयोजन को प्रेरणादायक बताते हुए भविष्य में भी ऐसे शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया।
