RK TV News
खबरें
Breaking News

चतरा:सुशासन सप्ताह 2025: प्रशासन गांव की ओर अभियान के तहत कार्यशाला संपन्न।

कार्यालयों में प्राप्त शिकायतों का हो त्वरित निष्पादन : उपायुक्त चतरा

RKTV NEWS/चतरा ( झारखंड)24 दिसंबर। मंगलवार को सुशासन सप्ताह 2025 के अवसर पर “प्रशासन गांव की ओर” अभियान के तहत समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन उपायुक्त कीर्तिश्री जी की अध्यक्षता में किया गया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ-साथ ग्रामीण स्तर पर सेवा प्रदायगी को और अधिक सुदृढ़ बनाना रहा।
कार्यशाला में स्वास्थ्य, शिक्षा, शिकायत निवारण, सार्वजनिक कार्य सहित विभिन्न विभागों से जुड़े सुशासन के महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान सरकारी योजनाओं की अद्यतन स्थिति की समीक्षा करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों तक योजनाओं की प्रभावी पहुँच सुनिश्चित करने एवं सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार हेतु आवश्यक रणनीतियों पर मंथन किया गया।
उपायुक्त ने उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि कार्यालयों में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जानकारी अथवा शिकायत लेकर आने वाले आम नागरिकों के साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाए तथा उन्हें समुचित एवं स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि जनता को किसी प्रकार की अनावश्यक कठिनाई न हो।
कार्यशाला के दौरान विरहोर टोला सहित अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल, सड़क एवं मूलभूत सुविधाओं की आवश्यकता को चिन्हित करते हुए उपायुक्त ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि पात्र लाभुकों को सरकारी योजनाओं से आच्छादित किया जाए।
कार्यशाला में जानकारी दी गई कि सुशासन सप्ताह 2025 के अंतर्गत 19 दिसंबर से 25 दिसंबर 2025 तक जिले के सभी प्रखंडों में प्रखंडवार शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इस क्रम में 19 से 22 दिसंबर 2025 तक कुल 93 शिविर लगाए गए, जिनमें जन समाधान पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन एवं ऑफलाइन प्राप्त 306 शिकायतों में से 224 शिकायतों का निष्पादन किया जा चुका है।
इसके अतिरिक्त, शिविरों के दौरान सर्टिफिकेट से संबंधित बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए। कार्यक्रम के प्रथम दिन 494 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 389 का निष्पादन किया गया। दूसरे दिन 972 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 762 का निष्पादन हुआ। तीसरे दिन 1757 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 1369 आवेदनों का ऑन-द-स्पॉट निष्पादन किया गया। शेष आवेदनों एवं शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के भी निर्देश दिए गए।
कार्यशाला में उप विकास आयुक्त अमरेंद्र कुमार सिन्हा,डीआरडीए निदेशक अलका कुमारी, ईडीएम चतरा, डीपीओ यूआईडी, जिला सामाजिक सुरक्षा पदाधिकारी, जिला नियोजन पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

Related posts

जेजेएम और एसबीएम-जी पर राष्ट्रीय सम्मेलन यूपी के लखनऊ में संपन्न हुआ।

rktvnews

तिरंगा झंडा

rktvnews

दरभंगा :मतदान केन्द्र को किया गया अधिग्रहण : डीएम

rktvnews

आज के दौर में भगवान महावीर के विचारों की प्रासंगिकता।

rktvnews

जंदाहा बाईपास के लिए भू-अर्जन के कार्य और सम्बंधित रैयतों के भुगतान में तेजी लाने को तीन दिवसीय कैंप।

rktvnews

सोनपुर प्रखंड के ग्राम पंचायत राज-जहांगीरपुर एवं सैदपुर में आयोजित हुआ जिला स्तरीय जनसंवाद कार्यक्रम।

rktvnews

Leave a Comment