एयरपोर्ट परिसर के आसपास के क्षेत्रों में अतिक्रमण, अवैध निर्माण, निर्धारित ऊँचाई से अधिक निर्माण, कचड़ा डम्पिंग पर विशेष रूप से दें ध्यानः उपायुक्त
जिला प्रशासन, एयरपोर्ट ऑथोरिटी एवं सिक्युरिटी टीम आपसी समन्वय के साथ सुरक्षा व्यवस्था व विधि व्यवस्था को लेकर करें कार्यःउपायुक्त
उपायुक्त ने हवाई अड्डा पर्यावरण प्रबंधन समिति की बैठक में कहा कि यात्रियों की सुरक्षा हो सर्वाेपरि।
उपायुक्त ने सुरक्षित हवाई यातायात को लेकर सभी आवश्यक कदम उठाने का दिया निर्देश।
RKTV NEWS/देवघर (झारखंड)18 दिसंबर।आज उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा की अध्यक्षता में हवाई अड्डा के सम्मेलन कक्ष में बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान हवाई अड्डा पर्यावरण प्रबंधन समिति (Airfield Environment Management Committee) एवं हवाई अड्डा समिति (Aerodrome Committee Meeting) की बैठक में उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वाेपरि हो, इसका विशेष रूप से ध्यान रखने की आवश्यकता हम सभी को है। साथ ही सुरक्षित हवाई यातायात के लिए आवश्यक है कि जिला प्रशासन, एयरपोर्ट ऑथोरिटी एवं सिक्युरिटी टीम आपसी समन्वय के साथ सुरक्षा व्यवस्था व विधि व्यवस्था को लेकर कार्य करें। आगे बैठक के दौरान एयरपोर्ट के विकास और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करते हुए उपायुक्त ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को आवश्यक व उचित दिशा-निर्देश दिया।
इसके अलावे बैठक के दौरान उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विभिन्न बिन्दुओं पर विस्तृत चर्चा करते हुए डीजीसीए के प्वाइंट ऑफ व्यू से एनटी आईजीक मॉकड्रील आदि को लेकर किये जाने वाले कार्याेें हेतु संबंधित विभाग के साथ एयरपोर्ट के अधिकारियों को उचित दिशा-निर्देश दिया। आगे बैठक के दौरान हवाई अड्डे के आस-पास पक्षियों, कुत्तों को आकर्षित करने वाले कसाईखानों, मीट की दुकानों पर नियंत्रण, एयरपोर्ट परिधि के आसपास मीट-मटन के अवशेषों को फेंकने पर नियंत्रण पेड़ों की छंटाई, अतिक्रमण, बिना अनुमति के निर्माण कार्य एवं नियमित सफाई जैसे मुद्दों पर उपायुक्त ने नगर निगम, मोहनपुर व देवघर के अंचलाधिकारी, संबंधित थाना को आपसी समन्वय के साथ पेट्रोलिंग व ऐसा करने वालों को चिन्ह्ति कर नोटिस करने का निर्देश दिया। वहीं एयरपोर्ट परिधि के बाहर बाउंड्रीवॉल व खाली जगहों पर ग्रामीणों द्वारा मरे हुए जानवरों के फेंके जाने वाले अवशेषों के आवश्यक निष्पादन के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष जागरूकता अभियान चलाने का निदेश संबंधित अधिकारियों को उपायुक्त ने दिया, ताकि आवश्यक मानकों को पूर्ण रूप से सुनिश्चित किया जा सके। आगे उपायुक्त द्वारा जानकारी दी गयी कि जागरूकता अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को ये समझाने की आवश्यकता है कि मृत जानवरों व मांस-मछली के अवशेषों को खुले में फेंकने के कारण हमेशा उसे खाने के लिए पक्षी मंडराते रहते हैं और उन्हीं पक्षियों के कारण विमान आने से बर्ड हिट की आशंका बनी रहती है। साथ ही इस वजह से विमान व विमान में बैठे यात्रियों के लिए खतरा बना रहता है और कोई अप्रिय घटना से इन्कार नहीं किया जा सकता है। ऐसे में आवश्यक है कि लोगों को जागरूक किया जाय, ताकि एयरपोर्ट परिसर के बाउंड्रीवॉल समीप मृत जानवरों व मांस-मछली के अवशेषों को न फेंका जाय।
बैठक के दौरान उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने सिक्युरिटी, सेफ्टी व यात्रियों की सुरक्षा को लेकर विभिन्न बिन्दुओं पर विस्तृत चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व उचित दिशा-निर्देश दिया। साथ ही देवघर व मोहनपुर के अंचलाधिकारी, एयरपोर्ट के अधिकारियों व थानों को आपसी समन्वय के साथ एयरपोर्ट क्षेत्र के साथ-साथ अवैध निर्माण, बिना अनुमति के निर्माण कार्य एवं सुरक्षा के दृष्टिकोण से समय-समय पर मॉनिटरिंग करने का निदेश दिया। साथ ही बैठक के दौरान उपायुक्त ने देवघर एयरपोर्ट में विभिन्न सुरक्षा बिन्दुओं एवं मॉकड्रील से जुड़े बिन्दुओं को लेकर संबंधित पुलिस पदाधिकारियों व एयरपोर्ट ऑथोरिटी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।
इस दौरान उपरोक्त के अलावे पुलिस अधीक्षक सौरभ, हवाई अड्डा निदेशक, जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी राहुल कुमार भारती, ट्रैफिक डीएसपी, जिला अग्निशमन पदाधिकारी, प्रखण्ड विकास पदाधिकारी देवघर, अंचलाधिकारी देवघर, प्रखण्ड विकास पदाधिकारी मोहनपुर, सहायक जनसम्पर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी एवं एरपोर्ट ऑथोरिटी के अधिकारी, सदस्य संबंधित विभाग के अधिकारी आदि उपस्थित थे।

