शाहपुर/भोजपुर(राकेश मंगल सिन्हा)07 जून। सूबे के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा संभावित बाढ़ एवं सूखे की स्थिति को देखते हुए 3 जून 23 को की गई समीक्षात्मक बैठक में दिए गए निर्देश के आलोक में भोजपुर के डीएम राजकुमार के नेतृत्व में पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक शाहपुर नगर पंचायत कार्यालय के सभागार में आयोजित की गई। बैठक में डीएम राजकुमार ने सभी पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को आसन्न बाढ़ और सूखे की तैयारी मे अभी से जुट जाने का निर्देश दिया ताकि संभावित बाढ़ और सूखे के दौरान किसी तरह की कोई परेशानी नहीं हो। उन्होंने जनप्रतिनिधियों को अपने-अपने पंचायतों में वार्ड वार सूची अंचल कार्यालय को उपलब्ध कराने को कहा ताकि सत्यापन के बाद सूची को संपूर्ति पोर्टल पर अपडेट किया जा सके। जिलाधिकारी राजकुमार ने उपस्थित सभी पदाधिकारियों को मुस्तैदी से काम करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों को टास्क सौंपा और मॉनिटरिंग करने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने तटबंधों के देखरेख तथा मरम्मत कराने का भी निर्देश दिया। जिलाधिकारी राजकुमार का काफिला निर्धारित 10 बजे प्रखंड कार्यालय पहुंचा और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निर्देशानुसार आसन्न बाढ़ और सूखाङ के हर पहलू पर चर्चा की गई। 3 जून 2023 को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा आसन्न बाढ़ एवं सुखाड़ की स्थिति को देखते हुए समीक्षात्मक बैठक की गई थी और बैठक में निर्देश दिया गया था कि बाढ़ और सूखाङ से संबंधित स्थिति के आकलन तथा की गई कार्रवाई की समीक्षा सभी अंचल स्तर पर स्थानीय पदाधिकारियों एवं सभी संबंधितों के साथ अविलंब सुनिश्चित की जाय एवं सभी आवश्यक उपाय ससमय सुनिश्चित कर लिया जाय। बैठक में डीएम राजकुमार, डीडीसी विक्रम विरकर, एडीएम मनोज झा, एसडीएम जगदीशपुर सीमा कुमारी, प्रखंड प्रमुख गीता देवी, प्रमुख प्रतिनिधि पुतुल साह उर्फ गेल्हा साह, सीओ श्रेया मिश्रा, सीडीपीओ अलका कुमारी, बीपीआरओ राजेश प्रसाद, नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी रजनीश कुमार सहित अनुमंडल एवं प्रखंड के पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

