
आरा /भोजपुर(डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा)01 नवंबर।बड़हरा विधानसभा क्षेत्र के निर्दलीय प्रत्याशी सूर्यमान सिंह ने शुक्रवार को व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया। उन्होंने सिमरिया बाजार से अपने दौरे की शुरुआत की और बबूरा मंडल कार्यालय, बड़हरा मंडल कार्यालय व बड़हरा पश्चिम स्थित मस्जिद के पास से होते हुए कई गांवों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने दर्जनों पंचायतों में जाकर ग्रामीणों से मुलाकात की। हर गांव में लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और जीत की शुभकामनाएं दीं। हर स्थान पर सूर्यमान सिंह ने जनता से संवाद करते हुए स्थानीय समस्याएं सुनीं और उनके समाधान का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि जनता ही उनका बल है और सेवा ही उनका धर्म। राजनीति उनके लिए पद प्राप्ति का माध्यम नहीं, बल्कि समाज सेवा का संकल्प है। उन्होंने कहा कि बड़हरा की धरती वीरों और श्रमिकों की है, जिसे विकास की राह पर लाना उनका लक्ष्य है।
सूर्यभान सिंह ने जनता को भरोसा दिलाया कि क्षेत्र में सड़कों, शिक्षा, स्वास्थ्य और युवाओं के रोजगार के लिए ठोस पहल करेंगे। जनसभा में उपस्थित लोगों ने उनके विचारों का समर्थन किया और नारे लगाए— “अबकी बार, जनता की सरकार।” ग्रामीणों ने कहा कि सूर्यमान सिंह जमीन से जुड़े नेता हैं, जो हर सुख-दुख में लोगों के साथ खड़े रहते हैं।
जनसंपर्क अभियान में उमड़ी भीड़ से चुनावी माहौल में नई ऊर्जा देखने को मिली। गांव-गांव घूमते हुए उन्होंने किसानों की समस्याओं पर चर्चा की और कहा कि सिंचाई व्यवस्था को सुदृढ़ करना और फसलों के उचित दाम सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता होगी। युवाओं के लिए खेलकूद और स्वरोजगार को बढ़ावा देने की बात कही।
सूर्यमान सिंह ने कहा कि विकास और समान अवसर ही वास्तविक राजनीति की पहचान है। जनता के आशीर्वाद से बड़हरा को आदर्श क्षेत्र बनाना उनका उद्देश्य है। उनका यह जनसंपर्क अभियान अब क्षेत्र की चर्चा का प्रमुख विषय बन गया है, जिससे स्पष्ट है कि वे मजबूत रणनीति और जनसमर्थन के साथ चुनावी मैदान में उतर चुके हैं।
