
RKTV NEWS/दुमका (झारखंड)25 सितंबर।समाहरणालय सभागार में उपायुक्त अभिजीत सिन्हा की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले के विकास से जुड़ी विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की अद्यतन स्थिति पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। उपायुक्त ने सभी विभागीय अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन से संबंधित प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत करने को कहा और लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया।
बैठक में सभी प्रखंड के वरीय पदाधिकारियों को निदेश दिया कि अपने अपने प्रखंड के विकास कार्यो की नियमित जांच करें साथ ही इस दौरान आंगनबाड़ी केंद्र,एमडीएम सहित अन्य कार्यों की भी जांच निश्चित रूप से करें।
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) एवं पीएम जनमन योजना की प्रगति, मनरेगा के तहत चल रहे कार्यों और मानव दिवस सृजन की स्थिति, जेएसएलपीएस द्वारा बैंक लिंकेज, मुद्रा लोन वितरण और दीदी की दुकान जैसी पहलों की समीक्षा की गई।बैठक में दीदी की दुकान योजना के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की भी समीक्षा हुई। इस दौरान उपायुक्त ने डीपीएम जेएसएलपीएस निशांत एक्का को इस योजना में बेहतर कार्य करने के लिए पुरस्कृत करने का निर्देश दिया। उद्योग विभाग के रोजगार सृजन प्रयासों, पंचायती राज विभाग द्वारा वित्त आयोग योजनाओं की स्थिति और पशुपालन विभाग के अंतर्गत बकरी,मुर्गी एवं गाय वितरण, बीमा और टीकाकरण कार्यों की समीक्षा की गयी एवं लक्ष्य के अनुरूप कार्य करने का निदेश दिया गया।
कृषि विभाग द्वारा फसल सर्वेक्षण एवं पीएम किसान योजना की प्रगति प्रस्तुत की गई।उपायुक्त ने निदेश दिया कि स्ट्रॉबेरी के खेती हेतु भूमि चिन्हित किया जाय एवं कृषकों को स्ट्रॉबेरी की खेती करने के लिए प्रोत्साहित किया जाय।जबकि सहकारिता विभाग से फसल बीमा योजना, भूमि मुद्दे और गोदाम निर्माण से संबंधित जानकारी ली गई। खाद्य आपूर्ति विभाग के अंतर्गत आधार सीडिंग और खाद्यान्न उठाव की स्थिति की समीक्षा की गयी।निदेश दिया कि राशन का वितरण प्रत्येक माह लाभुकों के बीच किया जाय।साथ ही राशन का वितरण निर्धारित मात्रा में हो इसे सुनिश्चित करें। सामाज कल्याण विभाग की किशोरी समृद्धि योजना, आंगनबाड़ी भवनों के निर्माण और सेविका-सहायिका नियुक्ति की समीक्षा भी की गई।निदेश दिया कि रिक्त पदों पर नियमानुसार ढंग से नियुक्ति किया जाय।
सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के अंतर्गत वृद्धा पेंशन और पारिवारिक लाभ योजनाओं की स्थिति की समीक्षा की गयी।, शिक्षा विभाग में विद्यालयों में पेयजल, बिजली, शौचालय और बेंच-डेस्क उपलब्धता, स्वास्थ्य विभाग में अस्पताल निर्माण, पीएम-ABHIM योजना,स्वास्थ्य सूचकांकों की प्रगति की समीक्षा की गयी।
इस दौरान कल्याण विभाग की छात्रवृत्ति, साइकिल वितरण,स्वास्थ्य सहायता योजना की समीक्षा की गई।निदेश दिया कि साईकल वितरण का कार्य जल्द से जल्द किया जाय।
राजस्व विभाग से दाखिल-खारिज और नामांतरण मामलों की स्थिति जानी गई। खेलकूद विभाग के अंतर्गत ग्रामीण खेल, प्रखंड स्तरीय स्टेडियम,सृष्टि पहाड़ में किये जाने वाले कार्य और सेल्फी ब्रिज की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई।बैठक में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग द्वारा हर घर नल योजना से संबंधित अद्यतन जानकारी दी गई।
बैठक में पथ विभाग द्वारा एनएच-114ए (देवघर-दुमका) एवं दुमका-पाकुड़ रोड की अद्यतन स्थिति और विद्युत विभाग द्वारा सरैयाहाट विद्युत लाइन की जानकारी दी गई। इसके अलावा फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज, प्लानेटोरियम, म्यूजियम तथा हवाई अड्डा विस्तार एवं संचालन संबंधी विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया एवं आवश्यक निदेश दिया गया।
उपायुक्त ने सभी विभागों को स्पष्ट निर्देश दिया कि विकास कार्यों में तेजी लाएँ और योजनाओं का लाभ आम जनता तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुँचाया जाए। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण कार्य ही जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बैठक में सभी विभागों के वरीय अधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
