
शाहपुर/भोजपुर (राकेश मंगल सिन्हा) 7 सितम्बर। भोजपुर जिले के शाहपुर मे एनडीए का विधान सभा कार्यकर्ता सम्मेलन ज्ञान स्थली परिसर मे संपन्न हुआ। सम्मेलन के मुख्य अतिथि बिहार सरकार के श्रम संसाधन मंत्री संतोष सिंह ने कहा कि डबल इंजन की सरकार मे बिहार तरक्की कर रहा है तथा बिहार का विकास तेजी से हो रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर चलाकर उन माताओं एवं बहनों का सम्मान बढाया जिनके पुत्र, पति या भाई ने देश की एकता एवं अखंडता के लिए अपनी कुर्बानी दी। करारा जवाब देते हुए पकिस्तान में आतंकवादियो के अड्डों को बर्बाद कर दिया गया और आतंकवादियों को मार गिराया गया। उन्होंने कहा कि लालू-राबङी के शासन काल में बिहार में जंगल राज था लेकिन आज नीतीश सरकार मे मंगल हो रहा है। सरकार लड़कियों को साईकिल योजना, छात्रवृत्ति प्रोत्साहन राशि, कन्या उत्थान योजना के तहत लाभ दे रही है ताकि लड़कियों को शिक्षा के क्षेत्र मे किसी तरह की कोई परेशानी नहीं हो। विधवा पेंशन तथा वृद्धावस्था पेंशन 400 रूपया से बढा कर 1100 रूपया कर दिया गया है। कई अन्य महत्वाकांक्षी योजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से शाहपुर विधान सभा क्षेत्र से एनडीए गठबंधन को विजयी बनाने की अपील की।
उन्होंने वर्तमान विधायक को उखाङ कर पाकिस्तान के बोडर तक पहुॅचा देने को कहा। सम्मेलन को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री तथा एमएलसी श्रीभगवान सिंह कुशवाहा ने कहा कि बाढ व कटाव मे कुछ नेता पिकनिक मनाने जा रहे थे। विधायक राहुल तिवारी द्वारा तीन एकङ जमीन कटाव पीङितों को देने की बात पर उन्होंने कहा कि उनसे यह पूछिए कि उस जमीन का खाता खेसरा क्या है और इतना झूठ बोलिए कि पच जाय। उन्होंने कहा कि विधायक का वोट बैंक खिसक रहा है तथा आने वाले चुनाव मे जनता उनको जवाब देगी। उन्होंने कहा कि शाहपुर से चाचा भतीजा यानी भूअर ओझा और राकेश ओझा एक हो जायँ तो महागठबंधन को हम आसानी से शिकस्त दे देगें। दोनों को एक साथ रहकर चुनाव लङना चाहिए तभी हम हरा सकते हैं। उन्होंने कहा कि एनडीए गठबंधन के पक्ष मे बिहार मे आंधी चल रही है।
सम्मेलन को एमएलसी रविन्द्र कुमार सिंह, एमएलसी राधाचरण सेठ, पूर्व विधायक मुन्नी देवी, भूअर ओझा, सतीश भट्ट, जिला पार्षद गंगाधर पांडे, राकेश ओझा, हम की प्रदेश महिला अध्यक्ष स्मृति शर्मा, जदयू प्रदेश महासचिव मनोज उपाध्याय, शंभू शरण मिश्रा, नरेन्द्र तिवारी, राजेन्द्र तिवारी, अनिल शर्मा, अरविंद पांडे, भरत तिवारी बिरजू, संजय सिंह, नगर अध्यक्ष अंकित पांडे, बंटी पांडे, प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष संतोष पाठक, लोजपा जिलाध्यक्ष राजेश्वर पासवान, राष्ट्रीय लोक मोर्चा उपाध्यक्ष रामेश्वर महतो, राष्ट्रीय लोक मोर्चा प्रतिनिधि राजेश कुशवाहा, लोजपा नेता श्याम कुमार मुन्नू, ललन यादव,अखिलानंद ओझा आदि ने संबोधित किया। सम्मेलन की अध्यक्षता प्रखंड जदयू अध्यक्ष हीरा लाल गुप्ता, मंच संचालन भाजपा उपाध्यक्ष धीरेंद्र सिंह तथा धन्यवाद ज्ञापन लोजपा नेता दशरथ पासवान ने किया।
