
RKTV NEWS/रामगढ़(झारखंड)22 जुलाई।टाउन हॉल, रामगढ़ में सशक्त पंचायत-नेत्री अभियान के तहत जिलास्तरीय कार्यशाला का आयोजन मंगलवार को किया गया। इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष सुधा देवी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी निशा कुमारी सिंह सहित अन्य के द्वारा दीप प्रज्वलित कर कार्यशाला का शुभारंभ किया गया। इस मौके पर बड़ी संख्या में निर्वाचित महिला जनप्रतिनिधि, मुखिया, वार्ड सदस्य एवं अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य महिला प्रतिनिधियों की नेतृत्व क्षमता को सशक्त करना, पंचायती राज व्यवस्था में उनकी सक्रिय भूमिका को और मजबूत बनाना तथा ग्राम स्तर पर सुशासन को बढ़ावा देना है।
प्रशिक्षण के दौरान महिला प्रतिनिधियों को शासन की विभिन्न योजनाओं, प्रबंधन कौशल, वित्तीय साक्षरता और निर्णय लेने की क्षमता पर मार्गदर्शन दिया गया। जिला परिषद अध्यक्ष ने कहा कि “महिला प्रतिनिधियों का सशक्तिकरण सामाजिक प्रगति का आधार है। इस तरह के प्रशिक्षण से ग्राम पंचायतों में महिलाओं की नेतृत्व क्षमता और जागरूकता बढ़ेगी। पंचायत स्तर की समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर ही करने की दिशा में प्रयास होना चाहिए।” उन्होंने कई उदाहरण देकर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और अपने अधिकारों को समझने की प्रेरणा दी। वहीं, जिला पंचायती राज पदाधिकारी ने महिला सशक्तिकरण और पंचायत स्तर पर सुशासन को लेकर महत्वपूर्ण बातें साझा कीं। इस कार्यशाला में जिले की महिला मुखिया, महिला वार्ड सदस्य, डीपीएम, सभी प्रखंड समन्वयक उपस्थित रहे।
