
शाहपुर/भोजपुर (राकेश मंगल सिन्हा) 21 जुलाई। जिलाधिकारी भोजपुर तनय सुल्तानिया के निर्देशानुसार शाहपुर अंचल के जवइनिया गाँव मे बाढ़ प्रभावित लोगों की सहायता हेतू बहुआयामी राहत कार्य तीव्र गति से चल रहा है।प्रभावित परिवारों के लिए सामुदायिक रसोई का संचालन किया जा रहा है जिससे बाढ पीङितों एवं विस्थापितों को समय पर गर्म भोजन उपलब्ध कराया जा सके। साथ ही लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने हेतू विशेष वाहनों की व्यवस्था की गई है। स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से चिकित्सीय सुविधा प्रदान की जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की बीमारी का त्वरित उपचार सुनिश्चित हो सके।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल आपूर्ति के साथ-साथ राहत एवं बचाव से जुड़ी सभी आवश्यक गतिविधियाँ युद्धस्तर पर संचालित की जा रही है। प्रभावित परिवारों को पॉलीथीन शीट्स (Polythene Sheets) वितरित किए जा रहे हैं जिससे अस्थायी आवास की सुविधा मिल सके। मवेशियों के लिए पशु चारा की समुचित व्यवस्था की गई है। साथ ही विशेष पशु स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से पशुओं की चिकित्सीय जांच की जा रही है तथा आवश्यक दवाएं भी वितरित की जा रही हैं।
राहत कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा संबंधित पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है जो मौके पर रहकर सभी गतिविधियों की निगरानी एवं समन्वय सुनिश्चित कर रहे हैं।
