व्यवस्थाओं में ना हो कोई चूक साफ -सफाई ,पानी आदि पर दिया जाए विशेष ध्यान।
अफवाह फैलाने वाले असामाजिक तत्वों पर रखी जाएगी पैनी नजर।
कुर्बानी के स्थल परंपरागत रहे, खुले में कोई कुर्बानी न करें।
RKTV NEWS/बागपत(उत्तर प्रदेश)03 जून।7 जून को ईदुज्जुहा (बकरीद) के दृष्टिगत जनपद में कानून एवं शांन्ति व्यवस्था को सुदृण बनाये रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अस्मिता लाल व पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय में संबंधित अधिकारियों के साथ आज कलेक्ट्रेट सभागार में मुस्लिम समुदाय के प्रबुद्धजनों, मौलवियों, मुतवल्लियों एवं धर्मगुरूओं के साथ शांति समिति की बैठक करते हुए शांति एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में ईद मनाने का आवाहन किया। जिलाधिकारी ने बैठक में प्रतिभाग करने वाले समस्त धर्म गुरुओं से उनके समस्याएं और सुझाव लिए और जो सुझाव आए उन पर संबंधित अधिकारियों को जिला अधिकारी ने निर्देश दिए उन्होंने कहा कि त्योहार परंपरागत तरीके से मनाया जाए त्यौहार में साफ सफाई का विशेष ध्यान दिया जाए
जिलाधिकारी ने समस्त अधिशासी अधिकारी नगर पालिका/नगर पंचायतों को नगरीय क्षेत्रों तथा जिला पंचायतराज अधिकारी को ग्रामीण क्षेत्रों की मस्जिदों के आस पास साफ-सफाई एवं जलापूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सार्वजनिक स्थलों, प्रमुख चौराहों तथा निर्धारित स्थलों पर कूडा ट्राली तथा बडे डस्टबिन रखने के निर्देश दिए। कुर्बानी दिये जाने वाले पशुओ के अवशेष को डिस्पोजल करने के लिए गड्ढे खुदवा ले। उन्होने कहा कि ऐसे स्थानो को अवश्य चिन्हित कर ले। जहां पर मन्दिर तथा मस्जिद पास पास में है। ऐसे स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिये। उन्होंने अधीक्षण अभियंता विद्युत को विद्युत सप्लाई की व्यवस्था सुचारू रूप से आपूर्ति करने के निर्देश दिए उन्होंने कहा रोस्टर के अनुसार विधुत आपूर्ति की जाए।
उन्होने पुलिस एवं जिला प्रशासन को निर्देश देते हुए कहा कि सुरक्षा व्यवस्था के कडे़ इन्तजाम किये जाये। कानून एवं शान्ति व्यवस्था हर हाल में कायम रहनी चाहिए। समस्त उप जिलाधिकारी, समस्त क्षेत्राधिकारी पुलिस व थाना अध्यक्ष सुनिश्चित करे कि उनके क्षेत्र में किसी भी प्रकार की समस्या न हो जिसके लिए पहले से ही तैयारी पूर्ण कर लें। सोशल मीडिया पर विशेष रूप से नजर रखी जाये। अनावश्यक एवं भड़काऊ पोस्ट शेयर करने वालों को चिन्हित कर कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश दिए। जनपद के सभी निकाय क्षेत्रों, ग्राम पंचायतों में साफ सफाई, विद्युत तथा जलापूर्ति पर विशेष रूप से फोकस किया जाये। उन्होंने अधिशासी अभियन्ता विद्युत को शासन द्वारा जारी दिशा निर्देशों के अनुरूप विद्युत की सप्लाई सुचारू रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। प्रतिबन्धित पशुओं की कुर्बानी किसी भी दशा में नहीं दी जानी चाहिए इसके अलावा यह भी सुनिश्चित करें कि सार्वजनिक स्थलों पर किसी भी पशु की कुर्बानी नही दी जायेगी। कुर्बानी के उपरान्त खून तथा बचे हुए अवशेष को सही एवं उचित स्थान पर डिस्पोज करने के निर्देश दिये। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि नमाज केवल मस्जिदों में ही पढ़ी जाये। सार्वजनिक स्थलों/सड़कों पर नमाज न पढ़ी जाये। बकरीद पर विशेष ऐहतियात बरतें साथ ही यह भी सुनिश्चित करें कि नमाज के समय कोई व्यवधान उत्पन्न न हो आने-जाने वाले मार्ग किसी भी दशा में बाधित नहीं होने चाहिए और नमाज स्थल पर अथवा उसके आस-पास आवारा जानवरों का विचरण न हो इसके लिए पूर्व से ही आवश्यक व्यवस्थाऐं कर ली जायें। सूअर पालकों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए कि उनके जानवर किसी भी दशा में बाहर नहीं निकलने चाहिए।
पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने कहा कि ईदुलजुहा बकरीद तथा आगामी त्यौहारों के दृष्टिगत पुलिस और प्रशासन की ओर से समस्त व्यवस्थाओं को ससमय सुनिश्चित कर लिया जायेगा। उन्होंनें उपस्थित सभी लोगों से कहा कि शासन के दिशा निर्देशों का शत प्रतिशत अनुपालन करना होगा। इसमें किसी भी प्रकार की कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। उन्होंने कहा कि सभी छोटी-बडी मस्जिदों में पर्याप्त मात्रा में पुलिस फोर्स तैनात रहते हुए समय समय पर संदिग्ध स्थानों पर भ्रमण भी करेंगे। जिससे कोई अप्रिय घटना न घटित हो। प्रतिबन्धित पशुओं की कुर्बानी जनपद में किसी भी दशा में नही होगी।
बैठक के दौरान मुस्लिम समुदाय के प्रबुद्धजनों, मौलवियों, मुतवल्लियों एवं धर्मगुरूओं ने साफ सफाई, जल भराव, जल एवं विद्युत आपूर्ति से संबंधित समस्याओं के बारे में अवगत कराया साथ ही प्रबुद्धजनों, मौलवियों, मुतवल्लियों एवं धर्मगुरूओं ने जिले में अनेकता में एकता, अमन-चैन एवं आपसी सौहार्द कायम रखने पर अपने सारगर्भित विचार व्यक्त किए। सभी ने एक स्वर से आश्वासन दिया कि वे शांति व्यवस्था बनाये रखने में प्रशासन का पूरा सहयोग करेंगे। उन्होंने लोगों से अपील भी की कि जनपद में प्यार और भाईचारा बनाये रखें। उन्होंने प्रशासन को आश्वस्त किया कि जिले में अमन-चैन सदैव बरकरार रहेगा।जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिशासी अधिकारी नगर पालिका/नगर पंचायतों को समस्याओं का निस्तारण ससमय करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी पंकज वर्मा,मुख्य विकास अधिकारी नीरज कुमार श्रीवास्तव, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉक्टर तीरथ लाल, अपर पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह , उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी समस्त थाना अध्यक्ष, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका/नगर पंचायत, तथा अन्य संबंधित अधिकारीगण एवं मुस्लिम समुदाय के प्रबुद्धजन, मौलवी, मुतवल्ली, धर्मगुरू आदि मौजूद रहे।

