
RKTV NEWS/बक्सर (बिहार)12 मार्च।आज जिला पदाधिकारी बक्सर साहिला की अध्यक्षता में उद्योग विभाग द्वारा संचालित योजनाओं PMEGP, PMEGP-2, PMFME एवं पी०एम० विश्वकर्मा योजना अन्तर्गत ऋण स्वीकृति एवं वितरण कैम्प का आयोजन समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में किया गया।
जिला पदाधिकारी द्वारा महाप्रबंधक जिला उद्योग केन्द्र बक्सर एवं जिला अग्रणी बैंक प्रबन्धक बक्सर को वित्तीय वर्ष की समाप्ति से पूर्व सभी योजनान्तर्गत शत प्रतिशत लक्ष्य की उपलब्धि सूनिश्चित करने का निदेश दिया गया। ताकि अधिक से अधिक लोगों को सरकार की योजनाओं का लाभ प्राप्त हो सके एवं रोजगार सृजन के साथ-साथ लोगों के आर्थिक स्थिति में सुधार हो।
जिला पदाधिकारी द्वारा उद्यमियों को उज्जवल भविष्य की शुभकामना देते हुए बताया गया कि बक्सर जिला की भौगोलिक स्थिति एवं सड़क तथा रेल मार्ग की बेहतर सुविधा के कारण यहाँ पर उद्योग एवं व्यापार की असीम संभावना है। सभी लोग मिलकर समेकित रूप से बक्सर जिला को देश में उद्योग के क्षेत्र में अग्रणी बनाने में अपना योगदान करें। अपने साथ अन्य लोगों के लिए भी रोजगार अवसर सृजित करें तथा जिला एवं राज्य के आर्थिक एवं सामाजिक प्रगति के साझेदार बनें।
महाप्रबंधक जिला उद्योग केन्द्र बक्सर द्वारा बताया गया कि प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) अन्तर्गत सेवा क्षेत्र में अधिकतम 20 लाख एवं विनिर्माण क्षेत्र में अधिकतम 50 लाख ऋण उपलब्ध कराया जाता है, जिसमें ग्रामीण क्षेत्र के लाभुक को 25 प्रतिशत/35 प्रतिशत एवं शहरी क्षेत्र के लाभुक को 15 प्रतिशत/25 प्रतिशत अनुदान का प्रावधान इस योजना अंतर्गत है।
प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम 2 (PMEGP-2) अन्तर्गत वैसे आवेदक जिन्होनें पी.एम.ई.जी.पी.-01 एवं मुद्रा ऋण योजना के तहत बैंक से ऋण प्राप्त कर लिया हो तथा तीन वर्षों से कार्यरत इकाइयाँ, जो टर्म लोन की आदायगी बैंकों को कर दिया हो। उन्हे 15 प्रतिशत अनुदान की दर से 1.00 करोड़ रू0 तक का ऋण प्रदान किया जाता है।
प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना (PMFME) अन्तर्गत खाद्य प्रसंस्करण प्रक्षेत्र के उद्योगों को 35 प्रतिशत की दर से अधिकतम 10.00 लाख रू० अनुदान प्रदान किया जाता है।
प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना (PMFME) अन्तर्गत वर्त्तमान में बक्सर जिला राज्य में प्रथम स्थान पर है।
पी०एम०विश्वकर्मा योजनान्तर्गत 6 ट्रेड के शिल्पियों यथा नाव निर्माता, लौहार, आर्मरर, मूर्तिकार, खिलौना बनाने वाले, माला निर्माता तथा मत्स्य पालन जाल निर्माता सम्मिलित हैं, को प्रशिक्षण एवं दो चरणों में क्रमशः 1 लाख एवं 2 लाख का ऋण प्रदान किया जाता है।
ऋण वितरण कैम्प में PMEGP योजना अन्तर्गत कुल 6 लाभुकों को ऋण स्वीकृति पत्र, कुल 02 लाभुको को राशि भुगतान पत्र, PMFME योजना अन्तर्गत कुल 8 लाभुकों को ऋण स्वीकृति पत्र, कुल 14 लाभुकों को राशि भुगतान पत्र जिला पदाधिकारी द्वारा वितरित किया गया। कुल 14 लाभुकों को ऋण स्वीकृति एवं कुल 16 लाभुको को भुगतान किया गया। जिसमें कुल 161.93 लाख रुपये की राशि सन्निहित है।
शिविर में अपर समाहर्ता बक्सर, वरीय उप समाहर्ता बैंकिंग बक्सर, जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी बक्सर, महाप्रबंधक जिला उद्योग केन्द्र बक्सर, अग्रणी बैंक प्रबंधक बक्सर, विभिन्न बैंको के जिला समन्वयक, शाखा प्रबंधक एवं विभिन्न योजनाओं के लाभुक सम्मिलित हुए।
