अंत्येष्टि स्थलों को मानक के अनुरूप बनाए जाए हेतु किया निर्देशित, अधिकारियों की जवाबदेही होगी तय।
शासन की मंशा के अनुरूप रखी जाएं गांवों में विकास कार्यों की नींव, जनभागीदारी के साथ कार्य करे विभाग।
RKTV NEWS/बागपत(उत्तर प्रदेश)12 मार्च।जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में पंचायत राज विभाग की विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की। इस बैठक में जिले के सभी विकास खंड अधिकारियों, पंचायत राज अधिकारियों, अधिशासी अभियंता, एवं अन्य संबंधित अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में विभागीय योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई और जिलाधिकारी ने कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सभी ग्राम पंचायतों में अंत्येष्टि स्थलों के निर्माण को मानक के अनुरूप और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी निर्माण कार्य अधूरा या निम्न गुणवत्ता का नहीं होना चाहिए। जिलाधिकारी ने विशेष रूप से निर्देशित किया कि जो टेक्निकल संरचनाएं बनाई गई हैं, उनकी गहन तकनीकी जांच की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी मानकों का पालन हो रहा है। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने पंचायतों में शौचालय निर्माण, नाली एवं सड़क मरम्मत, पेयजल आपूर्ति, एवं साफ-सफाई व्यवस्था की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का कार्यान्वयन समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्राम स्तर पर जनता की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए और उनका शीघ्र समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि पंचायत सचिव और ग्राम प्रधान को निर्देशित किया जाए कि वे अपने-अपने क्षेत्र में नियमित रूप से निरीक्षण करें और जनता की शिकायतों का स्थानीय स्तर पर ही समाधान करें। बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की धांधली, लापरवाही या भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि किसी भी अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ अनियमितता की शिकायत मिलती है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी कार्यों को तय समय सीमा में पूरा करें और गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि जो भी परियोजनाएं प्रगति पर हैं, उनकी साप्ताहिक समीक्षा की जाए और रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। जिलाधिकारी ने बैठक के अंत में कहा कि सभी अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि योजनाएं धरातल पर सही तरीके से लागू हों और इसमें जनभागीदारी बढ़ाई जाए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि किसी भी कार्य में लापरवाही या देरी पाई जाती है, तो जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
इस समीक्षा बैठक में पंचायत राज अधिकारी अरुण कुमार, विकास खंड अधिकारी, अधिशासी अभियंता, खंड विकास अधिकारी, ग्राम पंचायत सचिव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों से कहा कि वे सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों तक योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें, ताकि प्रत्येक नागरिक को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।


