
RKTVNEWS/बक्सर ( बिहार)02 अगस्त।जिला पदाधिकारी बक्सर अंशुल अग्रवाल की अध्यक्षता में उद्योग विभाग की जिला स्तरीय समिति की बैठक समाहरणालय परिसर अवस्थित सभाकक्ष में की गई।
महाप्रबंधक जिला उद्योग केन्द्र बक्सर द्वारा बताया गया कि वर्तमान में शत प्रतिशत ग्राम पंचायतों एवं शहरी क्षेत्रीय निकायों का पी0एम0 विश्वकर्मा पोर्टल पर ऑनबोर्डिंग करा लिया गया है। आवेदनों का प्रथम स्तर पर ग्राम पंचायत एंव स्थानीय शहरी निकाय द्वारा डेस्कटॉप वेरीफिकेशन किया जाता है तथा द्वितीय स्तर पर महाप्रबंधक द्वारा फील्ड वेरीफिकेशन कर आवेदनों का सत्यापन कर राज्य स्तर पर अग्रसारित किया जाता है। वर्तमान में 15630 आवेदनों द्वारा योजना अंतर्गत आवेदन किया गया है। जिसमें से प्रथम स्तर पर ग्राम पंचायत/स्थानीय शहरी निकाय 4103 आवेदनों को अग्रसारित किया गया है। जिसमें से 767 आवेदनों को जिला स्तर से राज्य स्तर पर अग्रसारित किया गया है।
जिला पदाधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया कि द्वितीय स्तर लंबित आवेदनों को प्रखण्ड स्तर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवंटित करते हुए तीव्र गति से वेरीफिकेशन कराना सुनिश्चित करें एवं विभाग से समन्वय स्थापित करते हुए अविलंब प्रशिक्षण की प्रक्रिया शुरू की जाय।
पी0एम0 विश्वकर्मा योजना अंतर्गत योजना के पोर्टल पर ऑनलाईन आवेदन किया जाता है। इसमें 18 ट्रेड के शिल्पियों को आवेदन करना है। जिसमें कारपेंटर, नाव निर्माता, आर्मटर, लोहार, मूर्तिकार, मोची, राजमिस्त्री, टोकरी बनाने वाले, खिलौना बनाने वाले, नाई, माला निर्माता, धोबी, दर्जी एंव मत्स्य पालन जाल निर्माता सम्मिलित है।
योजना के लिए पात्रता
कोई भी व्यक्ति पीएमईजीपी, पीएम मुद्रा योजना, पीएम स्वनिधि योजना आदि जैसी किसी भी समान केन्द्रीय या राज्य योजनाओं का लाभ पिछले 05 वर्षों में नहीं लिया है। पीएम मुद्रा एवं स्वनिधि योजना के लाभुक के लिए जिन्होंने अपना ऋण स्वीकृति पूरी तरह से चुकता कर दिया हो, वे पीएम विश्वकर्मा योजना में आवेदन कर सकते है। लाभार्थी एवं उनका परिवार किसी भी सरकारी सेवा में नहीं हो (परिवार का अर्थ पति, पत्नी एवं उनके अविवाहित बच्चे)।
योजना में आवेदन करने के लिए आवश्यक दस्तावेज
पंजीकरण के लिए लाभार्थी को आधार कार्ड, मोबाइल नम्बर, बैंक विवरण एवं राशन कार्ड जैसे दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। यदि किसी लाभार्थी के पास राशन कार्ड नहीं है तो उसे परिवार के सभी सदस्यों के आधार कार्ड उपलब्ध कराने होंगे। आवेदन के समय लाभार्थी को अपने आधार से जुडे खाते का विवरण प्रस्तुत करना होगा।
योजना का लाभ
प्रधानमंत्री विश्वकर्मा प्रमाण पत्र एवं आई0डी0 कार्ड लाभार्थियों को पीएम विश्वकर्मा प्रमाण पत्र एवं पहचान पत्र डिजिटल के साथ भौतिक रूप में भी प्रदान किए जायेंगे। लाभुकों को 40 घंटे/05 से 07 दिनों का कौशल उन्नयन का बुनियादी प्रशिक्षण प्रदान किया जायेगा। प्रशिक्षण के उपरांत 500 रूपया प्रतिदिन के हिसाब से मजदूरी मुआवजा प्रदान किया जायेगा। 15000 रूपये तक का टूलकिट प्रदान किया जायेगा। प्रथम चरण में 05 प्रतिशत के रियायती दर पर एक लाख रूपये का ऋण प्रदान किया जायेगा तथा 18 महीने में ऋण चुकाने के उपरांत दूसरी किस्त के रूप में दो लाख रूपये का ऋण प्रदान किया जायेगा। जिसकी चुकाने की अवधि 30 महीने की होगी।
बैठक में उप विकास आयुक्त बक्सर, महाप्रबंधक जिला उद्योग केन्द्र बक्सर, जिला पंचायत राज पदाधिकारी बक्सर, श्रम अधीक्षक बक्सर, स्थानीय शहरी निकायों के कार्यपालक पदाधिकारी, अग्रणी जिला प्रबंधक, सामान्य सुविधा केन्द्रों के जिला समन्वयक एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

