भोजपुर अग्निशमन दल ने विद्यालय परिसर में आग पर काबू पाने के गुर सिखाए।
RKTV NEWS/आरा(भोजपुर)12 अक्टूबर।स्थानीय बी एस डीएवी पब्लिक स्कूल में भोजपुर जिला अग्नि शमन दल द्वारा आग बुझाने और उससे जुड़ी सावधानियों के संबंध में बच्चों को बताया गया।
विदित हो कि त्योहारों की गहमा-गहमी और भीड़-भाड़ की स्थिति में असावधानियाँ अधिक होती है। ऐसे में घरों , पूजा पंडालों , दुकानों तथा अन्य सार्वजनिक कार्य स्थलों पर अगलगी की घटनाएँ आम हो जाती हैं। बच्चे, बूढे़, स्त्रियों आदि के सामने आग बुझाना सबसे बड़ी चुनौती होता है।
भोजपुर अग्निशमन दल के जवानों ने एहतियात बरतते हुए बच्चों के बीच गैस सिलेंडर से लगनेवाली आग को कई तरह से बुझाने के उपाय कर के दिखाए। विशेषज्ञों ने सिलिंडर तथा पाइप में लगनेवाली आग को बुझाने के लिए उसे मोटे भिंगे कपड़े से ढककर बुझाने के तरीके सिखाए। अग्निशमन कर्मियों ने बच्चों को बताया कि आग लगने पर हौसला न खोएँ और सूझ-बूझ से उसे बुझाने का प्रयत्न करें।
अग्निशामक यंत्रों का सही उपयोग करना सबको आना चाहिए। अग्निकों ने आग लगने के दौरान घरों में जमा धुएँ को मशीन द्वारा बाहर करने तथा दमकल गाड़ी से पानी छिड़काव के तरीकों का भी प्रदर्शन कर के दिखाया।
भोजपुर अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी कन्हाई यादव, प्रधान अग्निक विकास राम, अग्निक चालक राजू कुमार, अग्निक पंकज कुमार तथा अग्निक दीपक कुमार द्वारा बताई गई सभी सावधानियों को बच्चों, अभिभावकों तथा शिक्षक-शिक्षिकाओं ने गौर से देखा तथा इस पहल की सराहना की। विद्यालय परिवार ने इन अग्निशामक कर्मियों के प्रति आभार जताया।
