भिखारी ठाकुर सामाजिक शोध संस्थान द्वारा रजत जयंती लोकरस रंग समारोह की तैयारियां तेज।
RKTV NEWS/आरा (भोजपुर)11 अक्टूबर।भिखारी ठाकुर सामाजिक शोध संस्थान के द्वारा आयोजित बैठक में प्रख्यात बॉलीवुड कलाकार नाना पाटेकर के निधन पर उन्हें भिखारी ठाकुर सांस्कृतिक मंच पर श्रद्धांजलि दी गई। वक्ताओं ने उनके निधन पर उनके अभिनय और सामाजिक कार्यों को याद किया। रंगकर्मी आलोक सिंग ने उनके पूरे जीवन का संक्षिप्त परिचय देते हुए समकालीन अभिनेताओं में शीर्ष का ऐसा कलाकार बताया जिसने अभिनय की छाप छोड़ने के साथ अपने सामाजिक कार्यों के जरिए आमजन, किसानों के दिलों पर भी अमिट छाप छोड़ी है। बिनोद कुमार सिंह ने कहा कि उन्होंने जिस तरह मराठी भाषा संस्कृति के लिए रेखांकित करने वाला कार्य किया है उससे भोजपुरी कलाकारों और संगठनों को प्रेरणा लेनी चाहिए। वरिष्ठ रंगकर्मी डॉ अनिल कुमार सिंह ने कहा कि रंगमंच से सिनेमा तक का उनका सफर स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जा सकता है। संस्थान के संस्थापक अध्यक्ष पत्रकार नरेंद्र सिंह ने उनकी देशभक्ति से जुड़े प्रेरणादायक कार्यों की चर्चा की। अध्यक्षीय संबोधन में गायक धनजी पांडेय ने कहा कि नाना पाटेकर के निधन से भारतीय सिनेमा जगत और रंगमंच ने ऐसा सितारा खो दिया जिसकी भरपाई नहीं की जा सकती। नाना पाटेकर के चित्र पर माल्यार्पण करने के बाद दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। भिखारी ठाकुर सामाजिक शोध संस्थान द्वारा रजत जयंती वर्ष के अवसर पर लोकरस रंग सह सम्मान समारोह की तैयारियों को द्रुत गति देने का निर्णय सदस्यों ने सर्वसम्मति से लिया। आज के बैठक में समारोह की तैयारियों को लेकर पंचायत राज सदस्यों, नगर निगम पार्षदों से इस हफ्ते मिलकर सहयोग के लिए अनुरोध करने का निर्णय लिया गया। आयोजन सचिव रवि प्रकाश सूरज ने कहा कि इस साल का महोत्सव यादगार होगा और छुट्टियों के बाद जिले के विद्यालयों और विभिन्न ग्रामीण नाट्य मंडलियों से मिलकर सहभागिता के लिए अनुरोध किया जाएगा। उपस्थित सदस्यों पप्पू सिंह, तेज प्रताप सिंह, मुन्ना राय, वरिष्ठ रंगकर्मी सरफराज, धनंजय कटकैरा, नंदकिशोर राम, राहुल कुमार, सर्वजीत कुमार, स्वामी विक्रमादित्य, सुमन और प्रियांशु कुमार ने महोत्सव के तैयारियों को लेकर गहन विमर्श किया और सुझाव दिये। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि प्रस्तावित चार दिवसीय कार्यक्रम में आमजन, विद्यालयों, कॉलेजों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी जिसके लिए जनसंपर्क चलाया जाएगा।

