
RKTV NEWS/आरा(भोजपुर)07 अक्टूबर।जिला पदाधिकारी, भोजपुर मनेश कुमार मीणा की अध्यक्षता में आज समाहरणालय सभागार, आरा में आकांक्षी प्रखंड संदेश, बिहिया एवं शाहपुर के अंतर्गत Key Performance Indicators (KPI) से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में तीनों आकांक्षी प्रखंडों के विभिन्न विकासात्मक एवं सामाजिक संकेतकों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने संबंधित विभागीय पदाधिकारियों से निर्धारित सूचकांकों के विरुद्ध अब तक की उपलब्धियों की जानकारी ली तथा अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला पदाधिकारी ने विशेष रूप से स्वास्थ्य, शिक्षा एवं बाल विकास परियोजना से संबंधित पदाधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों की नियमित समीक्षा करते हुए गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने निर्देशित किया कि जिन संकेतकों में अपेक्षित प्रगति नहीं हुई है, उनमें विशेष प्रयास करते हुए दिसंबर माह तक शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए आकांक्षी प्रखंडों के सभी निर्धारित संकेतकों में सुधार लाने तथा संबंधित योजनाओं का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में उप विकास आयुक्त, सहायक समाहर्ता, नजारत उप समाहर्ता, जिला योजना पदाधिकारी, डीपीएम (स्वास्थ्य), कार्यपालक अभियंता, पीएचईडी सहित संबंधित विभागों के वरीय पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे। वहीं, तीनों आकांक्षी प्रखंडों—शाहपुर, बिहिया एवं संदेश—के प्रखंड विकास पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में जुड़े।
